हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पराली प्रबंधन को लेकर उच्चतम न्यायालय पंजाब को हरियाणा से सीख लेने की बात कहते हुए हरियाणा की प्रशंसा कर चुका है। हरियाणा सरकार ने पराली प्रबंधन में काफी बेहतर काम किया है। सीएम ने कहा कि किसानों को पराली प्रबंधन के लिए 1 एकड़ पर 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है। साथ ही किसानों को पराली प्रबंधन के लिए सब्सिडी पर उपकरण भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे पराली न जलाएं।
31.22 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी
सीएम नायब सिंह सैनी ने बताया कि हरियाणा में अब तक 31.22 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है और 21.35 लाख मीट्रिक टन का उठान हो गया है। किसानों को अब तक 4,783 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। प्रदेशभर में धान की आवक 35.63 लाख मीट्रिक टन रही, जिसमें से 31.22 लाख मीट्रिक टन को एमएसपी पर खरीदा गया है। सबसे ज्यादा खरीद कुरुक्षेत्र में 7.19 लाख मीट्रिक टन हुई है।
3.44 लाख मीट्रिक टन बाजरा खरीदा
सीएम की ओर से बताया गया कि 1 अक्टूबर से बाजरा की एमएसपी पर खरीद जारी है। अब तक 3.44 लाख मीट्रिक टन बाजरा खरीदा गया है, जिसका किसानों को सीधा 469 करोड़ का भुगतान किया गया। धान खरीद में कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और अम्बाला सबसे आगे हैं।