आईआईटी बाबा यानी कि अभय सिंह अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इन्हीं बयानों के कारण उन्हें जूना अखाड़ा से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। लेकिन अब उनका एक और वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह मां-बाप को कलयुग का ट्रैप बता रहे हैं तो महात्मा गांधी की उपाधि पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। अभय सिंह का कहना है कि आध्यात्मिकता लोगों की समझ में नहीं आई, इसलिए गांधी को महात्मा का नाम दे दिया। इस वीडियो में अभय सिंह कह रहे हैं कि गांधी कैसे महान आत्मा हो गए। उन्होंने ऐसा क्या किया था? क्या महात्मा गांधी ने कोई तप किया था? क्या उनके पास सिद्धि थी? उन्होंने कहा कि जैसे ओशो का कल्ट बना हुआ है, वैसे महात्मा गांधी का कल्ट बना हुआ है। यह कल्ट इतने साल से रूल कर रहा है यह फेक बाबा का कल्ट है।
सतयुग का कॉन्सेप्ट कलयुग में यूज कर रहे
आईआईटी बाबा अभय सिंह का कहना है कि मां-बाप भगवान नहीं हैं। हमने जबरन मां-बाप को भगवान बना दिया है। तुम लोग सतयुग का कॉन्सेप्ट कलयुग में यूज कर रहे हो। अब मां-बाप भगवान नहीं, बल्कि वह अपने बच्चों को गधा-घोड़ा बना रहे हैं। मां-बाप उनको बड़ा करके अपना काम निकलवाते हैं। यह भगवान नहीं हैं बल्कि यह सब तो कलयुग का ट्रैक है। गौरतलब है कि अभय सिंह ने अपने घर छोडऩे के पीछे मां-बाप के बुरे बर्ताव को वजह बताया था।
आवारा और मवाली है अभय
अभय सिंह के बारे में जूना अखाड़ा के सचिव कर्ण पुरी महाराज का कहना है कि वह आवारा और मवाली है। संन्यास में अनुशासन और गुरु के प्रति समर्पण महत्वपूर्ण होता है। इसका पालन न करने वाला कभी संन्यासी नहीं बन सकता। अभय ने कई विवादित बयान भी दिए जिसके कारण जूना अखाड़ा से वैसे उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।