More
    HomeHindi NewsDelhi Newsएग्जिट पोल पर विपक्ष को नहीं ऐतबार.. लोकसभा और हरियाणा के चुनाव...

    एग्जिट पोल पर विपक्ष को नहीं ऐतबार.. लोकसभा और हरियाणा के चुनाव की दिलाई याद

    महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल पर विपक्ष को भरोसा नहीं है। विपक्ष के नेताओं ने लोकसभा चुनाव और हाल में हुए हरियाणा चुनाव की याद दिलाई है। विपक्ष को लगता है कि नतीजे इससे उलट आएंगे। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 400 पार का नारा दिया था, लेकिन सीटें 240 के पार ही आ पाईं। हरियाण में जहां एग्जिट पोल ने कांग्रेस सरकार बनने का दावा किया गया था, लेकिन नतीजे आए तो भाजपा ने शानदार वापसी की। अब विपक्ष इन्हीं टोटकों का प्रयोग कर कह रहा है कि नतीजे उलट आएंगे और दोनों राज्यों में कांग्रेस गठबंधन की जीत होगी।

    कांग्रेस बोली-हमें एग्जिट पोल की जरूरत नहीं

    कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा कि कोई एग्जिट पोल किसी की सरकार नहीं बनाता। सरकार जनता बनती है और इस प्रदेश के युवा, किसान और महिलाएं ने महागठबंधन सरकार बनाने के लिए वोट किया है। मैया सम्मान योजना, किसानों का 2 लाख रुपए का कर्ज माफ, युवाओं की रोजगार, जो हमने 7 गारंटियां दी कि 450 रुपए में हर किसी को गैस सिलेंडर, उन सबके लिए लोगों ने वोट दिया। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने इस पर भरोसा किया है। इसी भरोसे को कायम रखने के लिए जनता ने महागठबंधन को वोट दिया है। हमें एग्जिट पोल पर जाने की जरूरत नहीं है। हम जानते हैं कि राज्य की जनता ने बीजेपी-एनडीए को राज्य से बाहर करने का काम किया है। कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि झारखंड और महाराष्ट्र में हमारा गठबंधन जीत रहा है। यहां के लोग परिवर्तन चाहते हैं। वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र में लोगों में भाजपा और उसके गठबंधन के लिए गुस्सा था। उन्होंने अपने वोटों के माध्यम से यह जाहिर भी किया है। महाराष्ट्र में वोट प्रतिशत भी बढ़ा है। महाराष्ट्र में एमवीए बहुमत के साथ आएगा।

    400 पार का क्या हश्र हुआ था : राउत

    शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि लोकतंत्र में जो मतदान होता है वो गुप्त होता है। लोग अपनी बात हमेशा खुलकर नहीं कहते हैं। महाराष्ट्र में इस बार यही हुआ है। हरियाणा में एग्जिट पोल के अनुसार कांग्रेस जीत रही थी लेकिन आपने देखा क्या हुआ? लोकसभा में एग्जिट पोल के अनुसार पीएम मोदी की सरकार को 400 पार सीटें मिल रही थीं लेकिन क्या हुआ? 23 तारीख को 10-11 बजे तक पूरा फैसला आ जाएगा। हम 160-165 सीट जीत रहे हैं।

    तीनों जगह बीजेपी का सूपड़ा साफ होगा : सपा

    सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि लोकसभा में बीजेपी 400 पार का नारा दे रही थी लेकिन वे बहुमत से दूर हो गए। सपा को भरोसा है चाहे महाराष्ट्र, झारखंड या उत्तर प्रदेश की बात हो तीनों जगह बीजेपी का सूपड़ा साफ होगा और जब परिणाम सामने आएंगे तो एग्जिट पोल बदल जाएंगे।

    पिछली बार 65 पार का नारा दिया था

    एग्जिट पोल पर जेएमएम नेता मनोज पांडे ने कहा कि बीजेपी ने पिछले बार 65 पार का नारा दिया था असल में क्या हुआ। लोकसभा चुनाव में उन्होंने 400 पार का नारा दिया लेकिन असल में कुछ और आया। कई सर्वे के मुताबिक हमें झारखंड में 50 से अधिक सीटें मिल रही हैं। हम एक्जेक्ट पोल पर भरोसा करते हैं। हेमंत सोरेन पर लोगों ने भरोसा जताया है और हम मजबूत सरकार बनाने जा रहे हैं।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments