More
    HomeHindi NewsHaryanaहरियाणवियों के लिए पुन: गौरवपूर्ण क्षण.. मनु भाकर और सरबजोत सिंह को...

    हरियाणवियों के लिए पुन: गौरवपूर्ण क्षण.. मनु भाकर और सरबजोत सिंह को देशभर से बधाई

    पेरिस ओलंपिक 2024 में शूटिंग के लिए 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्सड टीम स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को देशभर से बधाई मिल रही है। हरियाणा के फऱीदाबाद में निशानेबाज मनु भाकर के माता-पिता ने अपनी बेटी द्वारा पेरिस में चल रहे खेलों में दो ओलंपिक पदक जीतने के बाद जश्न मनाया। निशानेबाज सरबजोत सिंह के पिता जितेंद्र सिंह, सहायक कोच गौरव सैनी और अन्य लोगों हरियाणा के अंबाला में जश्न मनाया। दोनों खिलाड़ी हरियाणा के होने के राज्य के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण है।

    हमें बहुत गौरवान्वित किया : राष्ट्रपति

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया कि भारत के लिए कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई। मनु भाकर ने इतिहास रच दिया है। वो एक ही ओलंपिक खेलों में दो पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज बन गई हैं। उन्होंने हमें बहुत गौरवान्वित किया है। मैं उन्हें और सरबजोत सिंह को भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं।

    पीएम ने कहा-टीम वर्क दिखाया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में कांस्य पदक जीतने के लिए मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई। दोनों ने शानदार कौशल और टीम वर्क दिखाया है। भारत अविश्वसनीय रूप से प्रसन्न है। मनु के लिए यह उनका लगातार दूसरा ओलंपिक पदक है, जो उनकी निरंतर उत्कृष्टता और समर्पण को दर्शाता है।

    सीएम नायब सिंह ने कहा-दोहरी खुशी

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने ट्वीट किया कि हरियाणवियों के लिए पुन: गौरवपूर्ण क्षण। पेरिस ओलंपिक गेम्स में 10 मीटर एयर पिस्टल के मिक्स्ड टीम इवेंट में हरियाणा की बेटी मनु भाकर और हरियाणा के बेटे सरबजीत सिंह द्वारा कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने प्रत्येक हरयाणवी और देशवासी को गौरवान्वित किया है। आगामी मुकाबलों के लिए अनंत शुभकामनाएं।

    घर में जश्न का माहौल

    मनु भाकर की माँ सुमेधा भाकर ने कहा कि बहुत ज्यादा खुश हूं। मैं दोनों बच्चों (मनु भाकर और सरबजोत सिंह) के लिए खुश हूं। भगवान ने आज सब कुछ सफल कर दिया। सरबजोत सिंह के पिता जीतेन्द्र सिंह ने कहा कि मनु भाकर और मेरे बेटे ने कांस्य पदक जीता है। मनु भाकर और उनके परिवार को हार्दिक बधाई। हम बहुत खुश हैं। सबसे पहले, मैं गुरुद्वारा जाऊंगा और मत्था टेकूंगा। हमारे गांव में जश्न मनाया जाएगा। मनु भाकर के पिता राम किशन भाकर ने कहा कि ये बहुत बड़ी खुशखबरी है। इसके लिए मैं देशवासियों का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने इतना प्यार और आशीर्वाद दिया और मनु की मदद की। हम उम्मीद करते हैं कि आगे वो अच्छा करेगी।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments