भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने आप नेता संजय सिंह द्वारा उनके खिलाफ मानहानि नोटिस भेजे जाने पर कहा कि हद हो गई कि अब अपराधी मानहानि के नोटिस भेज रहे हैं। ये बहुत अच्छा है क्योंकि अब इसमें और भी बातें होंगी, पूरी जांच होगी और दोषी को सजा मिलेगी। ये जहां भी चुनाव होता है, वहां वोटर बन जाते हैं, क्या हमारे देश का लोकतंत्र इसकी अनुमति देता है? अगर वे अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के बल पर चुनाव जीत रहे थे, जब हमने फर्जी मतदाताओं की पहचान शुरू की तो उनकी परेशानी दिख रही है। मनोज तिवारी ने कहा कि संजय सिंह 2024 में ही दिल्ली आए हैं? जब उत्तर प्रदेश में चुनाव होता है तो वे वहां के वोटर होते हैं, जब दिल्ली में चुनाव होता है तो वे यहां के वोटर होते हैं। अब जांच होगी और सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
इधर कांग्रेस ने कहा-आप भाजपा की बी टीम
कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि आप भाजपा की बी-टीम है। शिवराज सिंह चौहान को अगर पत्र लिखना ही था तो वे पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान सरकार को लिखते, क्योंकि यहां ज्यादा संख्या में किसान हैं। दिल्ली में कितने किसान हैं? रंधावा ने कहा कि आज तक केजरीवाल पंजाब के किसानों के पास क्यों नहीं गए हैं? पंजाब के किसान हिंदुस्तान के किसानों की लड़ाई लड़ रहे हैं और उसमें कोई राजनीति नहीं है।