More
    HomeHindi NewsDelhi Newsआसमान से बरस रही आग से झुलसा उत्तर भारत.. यूपी से लेकर...

    आसमान से बरस रही आग से झुलसा उत्तर भारत.. यूपी से लेकर हरियाणा-पंजाब तक प्रचंड गर्मी

    उत्तर भारत इस समय सूरज की भयंकर तपिश और भीषण लू की चपेट में है, जिसने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तर प्रदेश से लेकर हरियाणा और पंजाब तक, तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लोग प्रचंड गर्मी से बेहाल हैं। कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर दर्ज किया गया, जिससे गर्मी का प्रकोप और बढ़ गया है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी और आगरा जैसे शहरों में भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा। दिनभर सडक़ों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में दुबकने को मजबूर दिखे। बिजली कटौती ने गर्मी से जूझ रहे लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। अस्पतालों में हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

    हरियाणा में भी गर्मी का कहर जारी है। हिसार में 46 डिग्री सेल्सियस, तो सिरसा और भिवानी में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा और लुधियाना में भी भीषण गर्मी ने लोगों को त्रस्त कर रखा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने की चेतावनी जारी की है। गर्मी के कारण स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं, जबकि बाजार और व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने, पर्याप्त पानी पीने और धूप में निकलने से बचने की अपील की है। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मानसून की बेताबी से प्रतीक्षा की जा रही है, क्योंकि फिलहाल गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments