Monday, July 1, 2024
HomeHindi NewsDelhi Newsएनडीए का फैसला : मोदी ही बनेंगे पीएम.. इंडिया गठबंधन ने कहा-हम...

एनडीए का फैसला : मोदी ही बनेंगे पीएम.. इंडिया गठबंधन ने कहा-हम भी तैयार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके साथ नई सरकार के गठन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई। एनडीए के नेताओं की आज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास 7, एलकेएम पर बैठक हुई जिसमें एनडीए के नेताओं ने पारित प्रस्ताव में सर्वसम्मति से नरेन्द्र मोदी को अपना नेता चुन लिया। अब यह तय है कि एनडीए गठबंधन सरकार बनाने का दावा पेश करेगा और बहुमत के आधार पर राष्ट्रपति भी सरकार बनाने का न्यौता दे देंगी। बहरहाल आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के आवास पर बैठक हुई जिसमें राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, राघव चड्ढा, शरद पवार, डी राजा, संजय राउत, अखिलेश यादव, चंपई सोरेन, सुप्रिया सुले और सहित इंडिया गठबंधन के नेताओं ने सरकार बनाने पर मंथन किया। तय हुआ कि अगर मौका मिलेगा तो सरकार बनाने की कवायद की जाएगी।

जेडीयू नेताओं और चंद्रबाबू नायडू ने रुख किया स्पष्ट

जेडीयू सांसद राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि एनडीए की बैठक में सभी घटक दल के नेता मौजूद थे और सभी ने कहा है कि हम प्रधानमंत्री के साथ हैं। हम मज़बूती से प्रधानमंत्री के साथ हैं। हम एनडीए के साथ मज़बूती से हैं। जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपनी बात रखी। सबने नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का समर्थन किया। वहीं एनडीए का हिस्सा होने के बारे में पूछे जाने पर टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि अगर हम एनडीए का हिस्सा नहीं हैं तो हम चुनाव कैसे लड़ सकते हैं? हमने यह सामूहिक रूप से लड़ा। बैठक अच्छी रही।
सरकार बनाने की इच्छा है : संजय राउत

शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि बैठक में इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल के सदस्य उपस्थित थे। हमारी एकजुटता जो चुनाव के पहले थी, वही आज भी है। हमें जो जनादेश मिला है, वह तानाशाही करने वालों के खिलाफ मिला है। हमें जब मौका मिलेगा तब हम लोगों की इस सरकार को बदलने की जो इच्छा है, उसके लिए कदम उठाएंगे। एनडीए की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी को सर्वसम्मति से नेता चुने जाने पर उन्होंने कहा कि यह सर्वसम्मति कब तक बनी रहती है, यह आने वाले वक्त में पता चलेगा।

भाजपा की राजनीति को करारा जवाब : खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालत और मौजूदा परिस्थिति पर बहुत से सुझाव आए और चर्चा हुई। गठबंधन के घटक हमारे गठबंधन को मिले भारी समर्थन के लिए भारत की जनता का आभार व्यक्त करते हैं। जनता के जनादेश ने भाजपा और उसकी नफरत, भ्रष्टाचार की राजनीति को करारा जवाब दिया है। यह जनादेश भारत के संविधान की रक्षा और महंगाई, बेरोजगारी व क्रोनी पूंजीवाद के खिलाफ तथा लोकतंत्र को बचाने के लिए है। इंडिया गठबंधन मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के फासीवादी शासन के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा।

इधर, गिरिराज का तंज, 60 साल राज किया, 99 सीटें लाए

भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि टुकड़े-टुकड़े, खान मार्केट गैंग की जमात निर्लज्ज है। वे कह रहे थे कि सरकार बनाएंगे। राहुल गांधी ऐसे प्रेस कॉन्फेंस कर रहे हैं, जैसे उनकी सरकार बन गई। 60 साल देश में शासन किया फिर भी 99 सीटें आईं, तब भी खुशी मना रहे हैं। हम तीसरी बार सरकार बना रहे हैं यह पीएम मोदी की गारंटी है और टुकड़े-टुकड़े गैंग की सभी पार्टियों को मिलाकर जितनी सीटें मिली उससे ज्यादा तो अकेली भाजपा को मिली है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments