नायक.. ये शब्द हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर सही साबित होता है। एक नायक की तरह महज 6 महीने में ही उन्होंने भाजपा के हैट्रिक के उस सपने को पूरा कर दिया जो हरियाणा के इतिहास में कभी नहीं हुआ। नायब सिंह शुरुआत से ही आत्मविश्वास से लबरेज थे। भले ही कुछ लोग इसे उनका बड़बोलापन समझ रहे थे, लेकिन ये राजनीतिक पंडित नायब सिंह सैनी की थाह नहीं ले पाए। उन्हें यह एहसाय नहीं था कि नायब सिंह जमीन से जुड़े नेता हैं, प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं, सांसद से सीएम बने हैं, तो ऐसे में उनका आकलन खारिज नहीं हो सकता। हुआ भी ठीक वही। जब पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत पूरा देश और मीडिया मान रहा था कि कांग्रेस आ रही है, भाजपा जा रही है, तो ऐसे में नायब सिंह ही वह शख्स थे, जो पूरे आत्मविश्वास में थे कि आएगी तो भाजपा ही। आईए नजर डालते हैं उनके हालिया बयानों पर।
हवा भाजपा की, सपने देख रही कांग्रेस
5 अक्टूबर- वोटिंग के दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा था कि हवा भाजपा के पक्ष में है। हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बन रही है। कांग्रेस को सपना देखने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में भी सपना देखा था लेकिन उन्हें अपने काम देखने चाहिए कि किस तरह वे विकास में बाधा बने। दलितों को जिस तरह उन्होंने अपमानित किया। प्रदेश की जनता उसे समझ रही है।
जनता देगी जवाब और ये कहेंगे ईवीएम है खराब
7 अक्टूबर- काउंटिंग से एक दिन पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने व्यंग्य किया था। उन्होंने कहा कि 8 तारीख को हम सरकार बना रहे हैं। मेरे पास रिपोट्र्स हैं। जनता देगी जवाब और ये (कांग्रेस) कहेंगे कि ईवीएम है खराब। सैनी ने दावा किया कि पूर्ण बहुमत से हम सरकार बना रहे हैं। डबल इंजन की सरकार ने मिलकर हरियाणा के लोगों के हित में जो निर्णय लिए हैं, वो लाजवाब हैं।
इंतजार करें, तीसरी बार बनेगी सरकार
8 अक्टूबर- काउंटिंग के दिन ही नायब सिंह सैनी ने कहा था कि हमें पूरा विश्वास है कि हम तीसरी बार हरियाणा में सरकार बना रहे हैं। हमने बिना क्षेत्रवाद के ईमानदारी से हरियाणा का काम किया है। लोग ये स्वीकार कर रहे हैं। कांग्रेस की झूठ की राजनीति अब और नहीं चलेगी। सीएम ने कहा कि इनके एनडीए में है, जब कुछ इनके पक्ष में नहीं दिखेगा तब ईवीएम को कोसेंगे।