हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए जोरशोर से प्रचार चल रहा है। हालांकि अभी कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेताओं की एंट्री नहीं हुई है। भाजपा की ओर से सीएम नायब सिंह मोर्चा संभाले हुए हैं तो कांग्रेस की ओर से पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा 10 साल का हिसाब मांग रहे हैं। ऐसे में तीखी बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाड्रा की एंट्री से चुनावी माहौल गर्माएगा तो पीएम मोदी, अमित शाह और सभी बड़े नेता हरियाणा में हैट्रिक लगाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।
आगे दौड़ पीछे चौड़ जैसे हैं कांग्रेस के हालात
सीएम नायब सिंह ने कहा कि कांग्रेस बाप-दादाओं के ज़माने से गरीबी दूर करने और गरीबों का भला करने की बात करती है, लेकिन आज तक गरीबों के लिए कुछ किया नहीं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी स्क्रिप्ट लिखते हैं झूठ की और कांग्रेस के नेता उसे फैलाने का काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल में एक लाख नौकरी देने का झूठ कांग्रेस ने बोला, लेकिन आज तक एक भी सरकारी नौकरी नहीं निकली। आगे दौड़ पीछे चौड़ यह कांग्रेस के हालात हैं। सीएम ने कहा कि वे झूठ बोलकर भाग जाते हैं और लोगों को भुगतना पड़ता है। नायब सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने 2-3 रुपए के चेक देकर किसानों का अपमान किया था। यह चेक देते समय कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए थी। सीएम ने कहा कि सैनी समाज के लोगो से मुलाकात हुई। उनके प्यार,आशीर्वाद और सम्मान से अभिभूत हूं। इस मान-सम्मान और प्यार का कर्ज हरियाणा प्रदेश की सेवा करके चुकाऊंगा।
भयानक बेरोजग़ारी का काला अध्याय
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक्स हैंडल पर लिखा कि हरियाणा में भयानक बेरोजग़ारी का काला अध्याय है। डंकी रूट ने कई घर बर्बाद कर दिए, परिवार इस चिंता में जीते-जी रोज मर रहा है कि उनका बच्चा जिंदा भी है या नहीं। दीपेंद्र ने कहा कि डंकी रूट के काले अध्याय का हर चैप्टर बंद करेंगे। अपने हरियाणा में, अपने घर के पास रोजगार के मौके बनाएंगे।