प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में आज फिर कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने वाले हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन हमेशा सभी को प्रेरणा देता है। आज जो दिल्ली में परिवर्तन रैली है, यह शंखनाद है कि दिल्ली को परिवर्तन चाहिए, बहाने नहीं बदलाव चाहिए और दिल्ली में भाजपा की सरकार चाहिए। पिछली रैली में मोदी ने आम आदमी पार्टी को आप-दा बताया था। उन्होंने कहा था कि वे भी शीश महल बना सकते थे, लेकिन उन्होंने गरीबों के लिए घर बनाए। आज भी प्रधानमंत्री मोदी के निशाने पर आप और केजरीवाल ही होंगेे। इस रैली पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित का भी बया आया है।
सब कुछ चुनावी है : संदीप दीक्षित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने पर नई दिल्ली विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा कि लोग समझ रहे हैं कि यह सब सिर्फ इसलिए किया जा रहा है क्योंकि चुनाव नजदीक हैं। केजरीवाल और प्रधानमंत्री मोदी एक ही काम कर रहे हैं और दोनों एक दूसरे पर सवाल उठाते रहते हैं। दोनों में से कोई भी यह जवाब नहीं देता कि ये सभी विकास परियोजनाएं पिछले 10 सालों में क्यों शुरू नहीं की गईं और यह सब आचार संहिता लागू होने से कुछ दिन पहले क्यों किया जा रहा है। संदीप दीक्षित ने कहाकि हम दिल्ली में कांग्रेस के 10 साल के शासन और भाजपा और आप सरकार की कमियों पर चुनाव लड़ेंगे।
हॉट सीट बनी नई दिल्ली विधानसभा सीट
गौरतलब है कि दिल्ली में अगले महीने फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। नई दिल्ली विधानसभा में रोचक मुकाबला होगा जहां पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस से संदीप दीक्षित और भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा के बीच दिलचस्प मुकाबला होने वाला है।