दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। कुछ माह पहले उसने एक व्यक्ति से साइबर धोखाधड़ी कर 43 लाख रुपए की ठगी की थी। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उसने व्हाट्सएप पर एक मैसेज किया था और पीडि़त को एक ग्रुप में जोड़ा। इसके बाद आकर्षक निवेश के ऑफर का लालच देकर उसे ठग लिए।
चीनी नागरिक फेंग चेनजिन चलाता था रैकेट
डीसीपी शाहदरा प्रशांत गौतम ने बताया कि जुलाई महीने में हमें एक व्यक्ति से साइबर धोखाधड़ी की शिकायत मिली थी। हमने मामले की जांच की। व्यक्ति के साथ 43 लाख रुपये की ठगी की गई थी। व्यक्ति को व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला और फिर उसे एक ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप के जरिए उसे बताया गया कि निवेश के कई आकर्षक अवसर हैं और अगर आप निवेश करेंगे तो आपको फायदा होगा। लेकिन फायदा होने के स्थान पर उसे करीब 43 लाख रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस ने जब एफआईआर दर्ज़ की तो एक चीनी नागरिक मिला जो इस पूरे ठगी के रैकेट को चलाता था। उसका नाम फेंग चेनजिन है। पुलिस ने उसे दिल्ली से पकड़ा। वह सफदरजंग एन्क्लेव में रहता था।