बहुजन समाज पार्टी चुनाव में कुछ अच्छा नहीं कर पा रही है। यही वजह है कि बसपा प्रमुख मायावती लगातार अपनी पार्टी में सियासी फेरबदल कर रही हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले ही अपने भतीजे आकाश आनंद को नेशनल कोआर्डिनेटर बनाया था। तब लगा था कि वह अपने राजनीतिक उत्तराधिकारी आकाश आनंद को ही चुनेंगी। लेकिन कुछ दिन बाद ही उन्हें इस पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह पार्टी महासचिव और मायावती के भाई आनंद कुमार को नेशनल कोआर्डिनेटर बनाया गया है। राज्यसभा सदस्य रामजी गौतम को भी मायावती ने नेशनल कोआर्डिनेटर बनाया है। दरअसल बसपा ने लखनऊ में आज पार्टी की अहम बैठक बुलाई थी और इसी में यह फैसला लिया। बैठक में कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल हुए थे। पार्टी पदाधिकारी के साथ मंथन के बाद आकाश आनंद को बीएसपी के सभी पदों से हटा दिया गया है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के ऐन मौके पर भी मायावती ने उन्हें इस पद से हटाया था। इसके बाद उनकी फिर ताजपोशी हुई लेकिन यह सिर्फ कुछ दिन के लिए ही रही। मायावती ने एक बार फिर उन पर गाज गिरा दी है। अब उनके इस कदम के पीछे क्या वजह है यह तो वही बता सकती हैं लेकिन इससे सियासत जरूर गर्म हो गई है।
दिसंबर 2023 में घोषित किया था उत्तराधिकारी
मायावती ने दिसंबर 2023 में अपने भतीजे आकाश आनंद को बसपा का नेशनल कोऑर्डिनेटर और अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। लोकसभा चुनाव के बीच उनके कुछ विवादित बयान आए और इसके बाद मायावती ने उन्हें पद से हटा दिया। उस समय दावा किया गया था कि आकाश आनंद को परिपक्व होने तक इन पदों से हटाया गया है, लेकिन जैसे ही चुनाव हुए एक बार फिर मायावती ने उनकी ताजपोशी कर दी। इसके बाद मायावती एक बार फिर अपने भतीजे से नाराज हो गईं और उन्हें हटा दिया।
आकाश आनंद ने दिए थे यह विवादित बयान
आकाश आनंद ने बीजेपी की सरकार को आतंक की सरकार करार दिया था। इसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई। एक और बयान में उन्होंने कहा था कि जूते मारने का मन करता है। इस बयान पर भी जमकर बवाल हुआ था। इसके बाद पार्टी ने इन बयानों को संज्ञान दिया और उन्हें अब अपरिपक्व करार दिया था।


