रंगों के त्योहार पर देशभर में उमंग और उत्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने होली के त्योहार की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है। रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं!
योगी ने श्रीराम से की कामना
उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा कि होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम से कामना है कि यह पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करें।
नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करने वाला पर्व
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर पोस्ट किया कि रंगों और उल्लास के महापर्व होली की आप सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। होली हमारे जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करने वाला पर्व है। यह त्यौहार हमें सिखाता है कि जीवन में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के रंग सबसे अनमोल हैं। यह पर्व हमें बुराई पर अच्छाई की विजय, प्रेम की जीत और समाज में सौहार्द को और मजबूत करने का संदेश भी देता है। इस पावन अवसर पर आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, आनंद और परस्पर प्रेम का संचार हो, यही कामना है।
प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करें
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि होली का ये पर्व हम सभी के जीवन में सुख-शांति समृद्धि लेकर आए। आइए इस बार होली के इस त्योहार को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प लेते हुए मनाएं। प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करें और जल संरक्षण करें।
होली की बहुत-बहुत बधाई
हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने कहा कि हमारे पर्व हमारे संस्कृति और संस्कारों के साथ जुड़े हुए हैं। होली का महापर्व आज है और रंगों की बौछार है। मैं सभी लोगों को होली की बहुत-बहुत बधाई और शुमकामनाएं देता हूं।