दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जंतर-मंतर पहुंचे हैं। यहां केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन केरल के खिलाफ केंद्र के कथित भेदभाव के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रदर्शन वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के बैनर तले हो रहा है।
विपक्ष को प्रताडि़त कर रही केंद्र सरकार : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार सारे विपक्ष को प्रताडि़त करने के लिए सारे हथकंडे अपना रही है। केंद्र सरकार विपक्ष की सरकारों को जायज फंड नहीं दे रही है जो उनका हक है। उपराज्यपाल और राज्यपाल के जरिए उनके कार्य में रोज टांग अड़ाती है और विपक्ष को पकड़ा जा रहा है और जेल भेजा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर केरल के लोगों को उनके हक का फंड नहीं मिलेगा तो काम और सरकार कैसे चलेगी? हम सब अपनी जनता के हक के लिए फंड लेने आए हुए हैं। हमें फंड नहीं मिलेगा तो हम विकास कैसे करेंगे। इस अवसर पर सीएम भगवंत मान ने भी केंद्र की मोदी सरकार को कठघरे में खड़ा किया और विपक्षी दलों की सरकारों को परेशान करने का आरोप लगाया।