प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने गुजरात के वडोदरा में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (टीएएसएल) परिसर में सी-295 विमान के निर्माण के लिए टाटा एयरक्राफ्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। मोदी ने कहा कि आज से हम भारत और स्पेन की पार्टनरशिप को नई दिशा दे रहे हैं। हम सी-295 एयरक्राफ्ट के प्रोडक्शन की फैक्ट्री का शुभारंभ कर भारत-स्पेन संबंधों को मजबूती देने के साथ ही मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड मिशन को भी सशक्त कर रहे हैं। सी-295 एयरक्राफ्ट की फैक्ट्री नए भारत के नए वर्क कल्चर को रिफ्लेक्ट करती है। आज योजना के विचार से लेकर शिक्षा तक भारत किस स्पीड से काम कर रहा है, ये यहां दिखाई देता है। 2 साल पहले अक्टूबर महीने में ही इस फैक्ट्री का निर्माण शुरू हुआ था। आज ये फैक्ट्री एयरक्राफ्ट के प्रोडक्शन के लिए तैयार है।
भारत के एविएशन सेक्टर में अभूतपूर्व वृद्धि
पीएम मोदी ने कहा कि मैं ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के निर्माण से आगे भी देख रहा हूं। आप सभी ने पिछले दशक में भारत के एविएशन सेक्टर में अभूतपूर्व वृद्धि और परिवर्तन को देखा है। हम भारत को एविएशन हब बनाने के लिए काम कर रहे हैं। ये इकोसिस्टम भविष्य में मेड इन इंडिया सिविल एयरक्राफ्ट का रास्ता प्रशस्त करेगा। अलग-अलग भारतीय एयरलाइन्स ने 1200 नए एयरक्राफ्ट खरीदने का ऑर्डर भी दिया है। यानि ये फैक्ट्री भविष्य में भारत और दुनिया की जरूरतों को पूरा करने के लिए सिविल एयरक्राफ्ट के डिजाइन और मैन्यूफैक्चरिंग में बड़ी भूमिका निभाने वाली है।
डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग इकोसिस्टम नई ऊंचाइयों को छू रहा
मोदी ने कहा कि जैसे ही हम अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए पहला कदम उठाते हैं, रास्ते अपने आप बनते चले जाते हैं। भारत में डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग इकोसिस्टम नई ऊंचाइयों को छू रहा है। अगर हमने 10 साल पहले ठोस कदम न उठाए होते, तो आज इस मंजिल तक पहुंचना असंभव होता। तब कोई सोच भी नहीं सकता था कि भारत में इतने बड़े पैमाने पर डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग हो सकती है। उस समय प्राथमिकता सिर्फ आयात की थी। हमने नए रास्ते पर चलने का फैसला किया और अपने लिए नए लक्ष्य तय किए। आज इसका नतीजा हम सबके सामने है।
मोदी के विजऩ की एक और जीत : सांचेज
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने कहा कि आज ह एक अत्याधुनिक औद्योगिक सुविधा का उद्घाटन कर रहे हैं। कैसे दो प्रतिष्ठित कंपनियों के बीच एक असाधारण परियोजना वास्तविकता बन जाती है। प्रधानमंत्री मोदी के विजऩ की एक और जीत है। आपका विजन भारत को एक औद्योगिक शक्ति और निवेश और व्यापार के लिए एक आकर्षण बनाना है। एयरबस और टाटा के बीच यह साझेदारी भारतीय एयरोस्पेस उद्योग की प्रगति में योगदान देगी और अन्य यूरोपीय कंपनियों के आगमन के लिए नए द्वार भी खोलेगी। यह परियोजना दो दुनिया की सर्वश्रेष्ठता को एक साथ लाती है। टाटा शायद भारतीय औद्योगिक शक्ति का सबसे अच्छा प्रतिपादक है।