उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इन दिनों महाराष्ट्र में जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उनकी सरल सहज छवि और लोगों के जुड़ाव के कारण सभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। सीएम धामी भी पुरजोर तरीके से अपनी बात जनता तक पहुंचाते हैं। उन्होंने ठाणे में कई जनसभाएं कीं। एक्स पर पोस्ट करते हुए सीएम धामी ने कहा कि महाआघाड़ी और कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए महाराष्ट्र को तुष्टिकरण की प्रयोगशाला बना दिया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि महाराष्ट्र में डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों को नई गति प्रदान करने हेतु देवतुल्य जनता महायुति गठबंधन को विजयी बनाएगी। उन्होंने वर्तक नगर ठाणे (ईस्ट) में आयोजित जनसभा को संबोधित कर एमवीए को आड़े हाथों लिया।
सत्ता में आने के लिए झूठे वादे करती है कांग्रेस
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दलितों का अपमान करना कांग्रेस पार्टी की पद्धति बन गई है। महाअघाड़ी गठबंधन सत्ता में आने के लिए परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति कर रहा है। कांग्रेस पार्टी सत्ता में आने के लिए सिर्फ झूठे वादे करती है। सीएम धामी ने कहा कि लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद के खिलाफ हम सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। देवभूमि उत्तराखंड का मूल स्वरूप सुरक्षित रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएम ने कहा कि महाअघाड़ी गठबंधन को महाराष्ट्र के विकास से कोई लेना देना नहीं है, उनका व्यक्तिगत लाभ ही उनकी प्राथमिकता है।
10 वर्षों में देश की दिशा और दशा बदली
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 वर्षों में देश की दिशा और दशा बदलने का काम किया है। आज हम दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था बन गए हैं। आज पूरी दुनिया भारत के विकास की तेज गति को देख रही है। केंद्र सरकार के सहयोग से मुंबई में कई प्रोजेक्ट चल रहे हैं जो महाराष्ट्र को आगे बढ़ा रहे हैं। महायुति सरकार की योजनाएं भी जरूरतमंदों को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं।