कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति पर मंथन किया। साथ ही जिला इकाइयों को अधिक अधिकार देने सहित संगठनात्मक सुधारों पर भी जोर दिया। कांग्रेस कार्यसमिति की अहमदाबाद में हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धोखाधड़ी से जीत दर्ज की है। ऐसा फर्जीवाड़ा जो पहले देश में कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा कि चुनाव ईवीएम से नहीं बल्कि बैलेट पेपर से कराए जाएं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया ईवीएम से बैलेट पेपर की ओर बढ़ रही है, लेकिन हम ईवीएम का इस्तेमाल कर रहे हैं और यह सब धोखाधड़ी है। आपने ऐसी तकनीकें तैयार की हैं, जिनसे सत्ताधारी पार्टी को फायदा होता है और विपक्ष को नुकसान होता है। खरगे ने मोदी सरकार पर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने और लोकतंत्र को धीरे-धीरे खत्म करने के लिए सरकारी संपत्ति बेचने का भी आरोप लगाया।
देश के युवा उठेंगे और कहेंगे
उन्होंने उद्घाटन भाषण में कहा कि इस देश के युवा उठेंगे और कहेंगे कि हमें बैलेट पेपर चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र में क्या हुआ? हमने हर जगह इस मुद्दे को उठाया। राहुल गांधी ने इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने जिस तरह की मतदाता सूची बनाई, वह एक धोखाधड़ी थी। हरियाणा में भी यही हुआ। खरगे ने कहा कि भाजपा ने 90 प्रतिशत सीटें जीतीं और कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। महाराष्ट्र चुनाव में जो धोखाधड़ी हुई, वैसी कभी नहीं हुई, जिसका उद्देश्य लोकतंत्र को नष्ट करना था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चोर हमेशा पकड़ा जाता है। हमारे वकील और नेता इसके लिए काम कर रहे हैं और हम यही कोशिश कर रहे हैं।
मोदी आग लगाते हैं और आरएसएस घी डालता है
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और मोदी पूरे देश को बेचकर चले जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि यह सरकार अपने पूंजीपतियों के दोस्तों को संसाधन सौंप रही है। यह राष्ट्रीय हितों के भी खिलाफ हैं। खरगे ने भाजपा-आरएसएस पर सांप्रदायिकता को हवा देने के लिए 500 साल पुराने मुद्दे उठाने का आरोप लगाया। आरएसएस प्रमुख ने अपने लोगों से मस्जिदों के नीचे शिवलिंग न खोजने को कहा, लेकिन वे ऐसा करना जारी रखते हैं और लोगों को बांटते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी आग लगाते हैं और आरएसएस के लोग उसमें घी डालते हैं। उन्होंने भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता रखने का आरोप भी लगाया।