भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फिर बयान आया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के पास बहुत शक्तिशाली, मजबूत और स्मार्ट नेता हैं। यह रुक गया और उम्मीद है कि यह ऐसे ही रहेगा। उस संघर्ष में लाखों लोग मारे जा सकते थे। जो युद्ध छोटे से शुरू हुआ और दिन-ब-दिन बड़ा होता जा रहा था। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि मुझे युद्ध पसंद नहीं है। कुछ ही दिन पहले मेरे प्रशासन ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए ऐतिहासिक युद्धविराम सफलतापूर्वक करवाया। मैंने काफी हद तक व्यापार का इस्तेमाल किया। मैंने कहा कि चलो एक सौदा करते हैं, कुछ व्यापार करते हैं। चलो परमाणु मिसाइलों का व्यापार नहीं करते, चलो उन चीजों का व्यापार करें जिन्हें आप इतनी खूबसूरती से बनाते हैं।
पाकिस्तान क्या आतंकी ढांचे को खत्म करेगा?
अमेरिकी विदेश विभाग के उप प्रधान प्रवक्ता टॉमी पिगॉट की आतंकवाद पर बोलती बंद हो गई। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या अमेरिका को पाकिस्तान के साथ बातचीत के दौरान कोई आश्वासन या प्रतिबद्धता मिली है कि पाकिस्तान अपने आतंकी ढांचे को खत्म करेगा या देश में आतंकी समूहों का समर्थन करना बंद कर देगा, उन्होंने कहा कि मैं केवल यह दोहरा सकता हूं कि हम इस सप्ताहांत भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध विराम का स्वागत करते हैं। हम दोनों प्रधानमंत्रियों की शांति का मार्ग चुनने के लिए सराहना करते हैं। हम दोनों पक्षों के बीच सीधे संवाद को भी प्रोत्साहित करना चाहते हैं।
सीधा संवाद बनाए रखने का आग्रह
अमेरिकी विदेश विभाग के उप प्रधान प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि हम भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम का भी स्वागत करते हैं और शांति का रास्ता चुनने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और शहबाज शरीफ की सराहना करते हैं। जैसा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनका निर्णय शक्ति, बुद्धिमत्ता और धैर्य को दर्शाता है। हम दोनों पक्षों से क्षेत्रीय स्थिरता को बनाए रखने के लिए सीधा संवाद बनाए रखने का आग्रह करते हैं।