More
    HomeHindi Newsलक्ष्मण सिंह कांग्रेस से निष्कासित.. दिग्विजय सिंह के भाई पर यह हैं...

    लक्ष्मण सिंह कांग्रेस से निष्कासित.. दिग्विजय सिंह के भाई पर यह हैं आरोप

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। कांग्रेस महासचिव तारिक अनवर ने पत्र जारी कर बताया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। यह फैसला आज दोपहर केंद्रीय अनुशासन समिति की सिफारिश के बाद लिया गया। लक्ष्मण सिंह, जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के छोटे भाई हैं। पिछले कुछ समय से अपने बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए पार्टी लाइन से हटकर टिप्पणी कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार पार्टी नेतृत्व को उनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वे सार्वजनिक मंचों पर पार्टी की नीतियों और नेताओं की आलोचना कर रहे हैं, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।

    कई बार दी चेतावनी

    पार्टी के मुताबिक लक्ष्मण सिंह को कई बार मौखिक और लिखित रूप से चेतावनी दी गई थी कि वे अपनी गतिविधियों पर अंकुश लगाएं। हालांकि, इन चेतावनियों के बावजूद उनकी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया। हाल ही में बयानबाजी के बाद पार्टी आलाकमान ने यह कड़ा कदम उठाने का फैसला किया। इस निष्कासन से मध्य प्रदेश कांग्रेस में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। लक्ष्मण सिंह का राज्य की राजनीति में अपना एक प्रभाव रहा है और उनके भाई दिग्विजय सिंह भी पार्टी के कद्दावर नेताओं में से एक हैं। देखना होगा कि इस फैसले का मध्य प्रदेश में पार्टी की आंतरिक राजनीति पर क्या असर पड़ता है।

    एक बार भाजपा में भी जा चुके हैं लक्ष्मण

    लक्ष्मण सिंह एक बार भाजपा में भी जा चुके हैं। हालांकि वे ज्यादा दिन तक भाजपा में नहीं टिक पाए और उनकी घरवापसी हो गई। इस बार विधानसभा चुनाव हारने के बाद वे पार्टी के खिलाफ मुखर थे। ऐसे में अब उनके अगले कदम की प्रतीक्षा की जा रही है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments