आम आदमी पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भी ताल ठोक दी है। आप भाजपा पर हमलावर है तो हरियाणा से अपना रिश्ता भी बता रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने हरियाणा के चरखी दादरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केजरीवाल हरियाणा के लाल हैं और इसी सरजमीं के बेटे हैं। उन्होंने पंजाब और दिल्ली में आप सरकार की उपलब्धियां भी बताईं।
पंजाब और दिल्ली में बढिय़ा चल रही सरकार
सुनीता केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। सरकारी स्कूल अच्छे हो गए हैं और बच्चों का भविष्य अच्छा हो रहा है। राज्यं में सरकारी अस्पताल शानदार बन गए हैं। लोगों को 24 घंटे मुफ्त बिजली मिलती है। इसके अलावा महिलाओं को बसों में सफर करना मुफ्त है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा का इंतजाम है। अब दोनों जगहों पर महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार-हजार रुपये देने की योजना लागू होने वाली है। उन्होंने कहा कि आपको पता ही होगा आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल हरियाणा के ही लाल, हरियाणा के बेटे हैं। वे बहुत ही साधारण परिवार से हैं। कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि 20 साल बाद हरियाणा का यह लडक़ा, दिल्ली का मुख्यमंत्री बनेगा।