उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। पहाड़ी राज्यों में हो रही भारी बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से गिर रहा है और लोग ठिठुरने लगे हैं। उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ की सफ़ेद चादर बिछ गई है। नदी, नाले और झरने भी जम गए हैं। केदारनाथ में तापमान गिरकर माइनस 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है। बद्रीनाथ का तापमान भी लगभग माइनस 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। हिमाचल प्रदेश और कश्मीर राज्यों में भी भारी हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रे सहित ऊँचे इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई है। श्रीनगर में तापमान -4तक गिर गया है और डल झील जमने लगी है।
उत्तर भारत के मैदानों में शीतलहर
पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुँच गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में शीतलहर की स्थिति बनने का यलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने का अनुमान है।
- कोहरे का प्रकोप: पटना, लखनऊ, कानपुर, आगरा समेत 8 शहरों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।
- इस तीव्र ठंड का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने और ला नीना प्रभाव के कारण ऊपरी हवा की जेट स्ट्रीम का दक्षिण की ओर झुकना बताया जा रहा है, जिससे बर्फीली हवाएँ मैदानी क्षेत्रों में फँस जाती हैं।


