भारत-पाकिस्तान के बंटवारे में अहम भूमिका निभाने वाले मोहम्मद अली जिन्ना के नाम को लेकर भारत में विवाद है। जिन्ना ही वह शख्स थे, जिन्होंने भारत का बंटवारा करवाकर एक अलग मुस्लिम देश पाकिस्तान बनाया था। जब पाकिस्तान भारत का हिस्सा था, तब जिन्ना ने मुंबई में रहते थे। मोहम्मद अली जिन्ना ने 1936 में मुंबई के मालाबार हिल पर अपने लिए एक शानदार बंगला बनवाया था, जो कि 2.५ एकड़ में फैला हुआ था। जिन्ना ने अपने इस बंगले का नाम साउथ कोर्ट रखा था। आजादी के बाद से यह बंगला धीरे-धीरे खंडकर होने लगा और वीरान स्थल के रूप में तब्दील हो गया। अब इसे फिर से नया किए जाने की कवायद चल रही है। बंगले की कीमत करीब 1500 करोड़ आंकी जा रही है। विदेश मंत्रालय से आखिरी मुहर लगने के बाद इसके कायाकल्प की तैयारी शुरू हो जाएगी। ऐसे में भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के प्रतीक जिन्ना हाउस में एक बार फिर चहल-पहल लौट सकती है।
2.5 एकड़ में है जिन्ना का बंगला
जिन्ना का बंगला मालाबार हिल के 2.5 एकड़ में फैला है और चारों तरफ से पेड़ और हरियाली से घिरा हुआ है। विदेश मंत्रालय अब इस बंगले को राजनयिक क्षेत्र बनाना चाहता है। यहां पर विदेश मंत्रालय के अधिकारी रहेंगे और काम करेंगे। मुंबई हेरिटेज कंजर्वेशन कमेटी ने अगस्त 2023 में इस इमारत को ठीक करने की मंजूरी दे दी थी। यह इमारत ग्रेड 2 ए हेरिटेज साइट है। यह ऐतिहासिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है।
अंग्रेज ने तैयार किया था डिजाइन
जिन्ना के आर्ट डेको हाउस को अंग्रेज क्लाउड बैटले ने डिजाइन किया था। उस समय वे जेजे स्कूल ऑफ आट्र्स में आर्किटेक्चर विभाग के प्रमुख थे। 2018 में, प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया था कि यह संपत्ति, जिसे जिन्ना हाउस के नाम से जाना जाता है, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद से विदेश मंत्रालय को दे दी जाएगी। यह बंगला 39,000 वर्गफुट में बना है। अब इसके आसपास की जगह को भी सुधारा जाएगा। अंदर की दीवारों को हटाकर बड़ी जगह बनाई जाएगी, नए बीम और कॉलम लगाए जाएंगे और एक नई रिटेनिंग वॉल बनाई जाएगी। इसमें ऐसे बदलाव किए जाएंगे ताकि देश की पहचान, इतिहास और संस्कृति को दिखाया जा सके।