पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम के खिलाड़ी अमृतसर पहुंचे। उनके परिवार के सदस्यों, पंजाब के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल, कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला और अन्य लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। भारतीय हॉकी टीम के सदस्यों ने अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में प्रार्थना की और मत्था टेका। भारतीय हॉकी टीम ने लगातार दूसरी बार कांस्य पदक जीता है।
ऐसा लग रहा गोल्ड जीता है
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के खिलाड़ी सुखजीत सिंह के पिता अजीत सिंह ने कहा कि वे जीत कर आए हैं, तो ऐसा लग रहा है कि उन्होंने गोल्ड जीता है। आते ही मेरे बेटे ने अपना मेडल मेरे गले में पहना दिया। इससे बड़ी खुशी और कोई नहीं हो सकती। पूरी टीम को बधाई। भगवान उन्हें आशीर्वाद देते रहें। हमारी इच्छा अब पूरी हो गई है। उन्होंने हमारे देश का नाम रोशन किया है। हम बहुत खुश हैं।
1-1 करोड़ की सम्मान राशि देंगे
पंजाब सरकार में मंत्री हरभजन सिंह ने कहा कि हमारे हॉकी टीम के खिलाड़ी जिन्होंने ओलंपिक में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। पंजाब सरकार की ओर से हम उनका स्वागत करने के लिए यहां पहुंचे हैं। हमारे मुख्यमंत्री ने पंजाब में खेलों को प्रमोट करने के लिए कई कदम उठाए हैं और सभी खिलाडिय़ों को 1-1 करोड़ रुपए सम्मान राशि के तौर पर देने का फैसला किया है। वहीं हॉकी टीम के खिलाड़ी हार्दिक सिंह ने कहा कि बहुत बढिय़ा लग रहा है। लोगों के इसी प्यार की बदौलत हम इतना अच्छा खेल रहे हैं। आशा है कि अगली बार हम और अच्छा प्रदर्शन करेंगे।