हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज मुख्यमंत्री से मिलने के लिए भी बीच में किसी व्यक्ति को ढूंढने की जरूरत नहीं है। आप किसी भी समय सीधे आकर मुझसे मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस बापू-बेटा तक सीमित हो गई है। कांग्रेस का डीएनए ही परिवारवाद का है।
7471 बच्चे बिना पर्ची-बिना खर्ची के नौकरी लग गए
सीएम ने कहा कि भर्ती रोको गैंग द्वारा एक भर्ती 6-7 महीनों से कोर्ट में रोकी गई थी। जब उसका फैसला कोर्ट ने दे दिया और रात 11 बजे रिजल्ट तैयार हुआ। मेरे पास फोन आया, उस समय मैं दिल्ली में था। मैंने कहा कि अभी इसका बटन दबा दीजिए और 7471 बच्चे बिना पर्ची-बिना खर्ची के हरियाणा सरकार में नौकरी लग गए। नायब सिंह ने कहा कि 10 साल कांग्रेस का भी कार्यकाल रहा है। कांग्रेस वाले बताएं कि उनके कार्यकाल में क्या हालात थे। किस प्रकार से दलितों के ऊपर अत्याचार होता था। दलितों के घरों को जला दिया जाता था और एफआईआर भी दर्ज नहीं होती थी।
दिक्कत है तो उसे ठीक करना हमें आता है
सीएम नायब सिंह ने कहा कि मैंने अधिकारियों को कहा है कि अगर कहीं कोई दिक्कत है तो सुबह 9 बजे से लेकर 11 बजे तक पूरा प्रशासन बैठ कर समस्याओं का समाधान करेगा। हमने वार रूम बना रखा है जिसमें मैं देखता हूं कितनी समस्या आई कितनों का समाधान हुआ और कितनी पेंडिंग है। ये मैं पूरा चैक करता हूं। अगर इसमें कोई दिक्कत करता है तो उसे ठीक करना हमें आता है।
ट्रेन में हवाई जहाज जैसी सुविधाएं
सीएम नायब सिंह ने दिल्ली से लौटते समय वंदे भारत ट्रेन में यात्रा की। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि आज मैं आधुनिक सुविधाओं से युक्त वंदे भारत जैसी ट्रेन में यात्रा कर रहा हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वंदे भारत ट्रेन में आज हवाई जहाज जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।