शंभू बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन को 200 दिन पूरे हो चुके हैं। इस दौरान किसानों ने दिल्ली कूच का ऐलान किया है। उन्होंने एमएसपी समेत कई मांगें रखी हैं। इस बीच पहलवान विनेश फोगाट आज आंदोलन स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने किसानों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि किसान अन्नदाता हैं, जो देश की भूख मिटाते हैं। अगर वे हमें खाना नहीं खिलाएंगे तो भी खेल नहीं पाएंगे।
देखकर होता है दुख, सरकार किसानों की सुने
विनेश फोगाट ने कहा कि किसानों के आंदोलन को 200 दिन हो गए हैं, जब से वे यहां बैठे हैं। यह देखकर बेहद दुख होता है। वे सभी इस देश के नागरिक हैं। किसान देश को चलाते हैं। उनके बिना कुछ भी संभव नहीं है, एथलीट भी नहीं। उन्होंने कहा कि अगर वे हमें खाना नहीं खिलाएंगे, तो हम प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे। कई बार हम असहाय होते हैं और कुछ नहीं कर पाते हैं। हम इतने बड़े स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन हम अपने परिवार के लिए कुछ नहीं कर पाते हैं। विनेश ने कहा कि भले ही हम उन्हें दुखी देखते हों। मैं सरकार से आग्रह करती हूं कि उन्हें सुनना चाहिए। उन्होंने (सरकार ने) पिछली बार अपनी गलती स्वीकार की थी। उन्हें अपने वादे पूरे करने चाहिए। अगर लोग इस तरह सडक़ों पर बैठे रहेंगे तो देश आगे नहीं बढ़ सकेगा।
एमएसपी समेत कई मांगें उठाएंगे
इससे पहले किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि आंदोलन आगे बढ़ाने की तैयारियां चल रही हैं। लाखों किसान शंभू बॉर्डर, खनौरी व अन्य बॉर्डर पर जुटेंगे। उन्होंने मोदी सरकार से मांग की कि रास्ता खोला जाए और दिल्ली जाने दिया जाए। वे एमएसपी की कानूनी गारंटी के साथ अन्य मांगें भी उठाएंगे। मंच से नई घोषणाएं भी की जाएंगी।