More
    HomeHindi NewsDelhi Newsसदी में दुनिया का सबसे बड़ा जनआंदोलन चलाया.. मोदी बोले-कर्तव्यबोध के साथ...

    सदी में दुनिया का सबसे बड़ा जनआंदोलन चलाया.. मोदी बोले-कर्तव्यबोध के साथ भावुक हूं

    दिल्ली में स्वच्छता ही सेवा 2024 कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिस भारत का सपना गांधी जी और देश की महान विभूतियों ने देखा था, वह सपना हम सब मिलकर पूरा करें, आज का दिन हमें ये प्रेरणा देता है। मोदी ने कहा कि आज 2 अक्टूबर के दिन मैं कर्तव्यबोध से भी भरा हुआ हूं और उतना ही भावुक भी हूं। आज स्वच्छ भारत मिशन की यात्रा 10 साल के मुकाम पर पहुंच चुकी है। मोदी ने कहा कि आज से 1 हजार साल बाद भी जब 21वीं सदी के भारत का अध्ययन होगा, तो उसमें स्वच्छ भारत अभियान को जरूर याद किया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन इस सदी में दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे सफल जनभागीदारी वाला, जन नेतृत्व वाला जन आंदोलन है।

    27 लाख से ज्यादा कार्यक्रम, 28 करोड़ से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया

    पीएम मोदी ने कहा कि आज के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर आज स्वच्छता से जुड़े करीब 10 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स की भी शुरुआत हुई है। मिशन अमृत के तहत देश के अनेक शहरों में वॉटर और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे। नमामि गंगे से जुड़ा काम हो या फिर कचरे से बायोगैस पैदा करने वाले गोबरधन प्लांट, ये काम स्वच्छ भारत मिशन को एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। स्वच्छ भारत मिशन जितना सफल होगा, उतना ही हमारा देश ज्यादा चमकेगा। मोदी ने कहा कि बीते पखवाड़े में देशभर में करोड़ों लोगों ने स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है। सेवा पखवाड़ा के 15 दिनों में देशभर में 27 लाख से ज्यादा कार्यक्रम हुए, जिनमें 28 करोड़ से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। निरंतर प्रयास करके ही हम अपने भारत को स्वच्छ बना सकते हैं। मैं प्रत्येक भारतीय का आभार प्रकट करता हूं।

    गांधी जयंती पर आज अपने युवा साथियों के साथ स्वच्छता आभियान का हिस्सा बना। मेरा आप सभी से आग्रह है कि आज आप भी अपने आसपास स्वच्छता से जुड़ी मुहिम का हिस्सा जरूर बनें। आपकी इस पहल से ‘स्वच्छ भारत’ की भावना और मजबूत होगी।

    स्वच्छता में जुटे नेता और पूरा देश

    स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद भवन परिसर में प्रेरणा स्थल पर स्वच्छता अभियान में भाग लिया। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा समेत, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह समेत कई नेताओं ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान में भाग लिया।

    स्वच्छता से कई समस्याओं से छुटकारा

    जे.पी. नड्डा ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता का आह्वान किया था लेकिन स्वच्छता की इस भावना को हमारे प्रधानमंत्री ने जन आंदोलन में बदल दिया है। आम नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता होनी चाहिए। यह पिछले कुछ वर्षों से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चल रहा है। हम हर साल सेवा पखवाड़ा मनाते हैं। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट है कि स्वच्छता प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का एक बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वच्छता से कई समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है।

    पूरे उत्तर प्रदेश में चला अभियान

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पूरा देश महात्मा गांधी की जयंती मना रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम, 17 सितंबर विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से प्रारंभ हुआ, आज गांधी जयंती पर भी जारी है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा है के संकल्प के साथ भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लगातार सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रम का अभियान चला रही है और उसी क्रम में यहां स्वच्छता अभियान का प्रारंभ किया गया है। पूरे प्रदेश में यह अभियान चलेगा।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments