झारखंड के हजारीबाग में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं तो अयोध्या, प्रभु राम की पावन धरा से आपके बीच में आया हूं। जो लोग कहते थे कि अयोध्या में राम मंदिर नहीं बन पाएगा आज वे देख रहे हैं। यही राजद, जेएमएम और कांग्रेस के लोग थे, जो राम मंदिर के निर्माण के मार्ग में बाधक थे और जैसे ही देश की जनता ने निर्णय देते हुए दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता पीएम मोदी को देश की कमान सौंपी। मात्र 2 वर्षों में 100 वर्षों की समस्या का समाधान हो गया है। चुनाव में इनकी छुट्टी कर दो, बाकी काम तो भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार आने के बाद स्वयं कर देगी।
पत्थरबाजों को पाल-पोसकर त्यौहारों में विघ्न डाले जाते थे
सीएम योगी ने कहा कि ये पत्थरबाज पहले भी थे और 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भी थे। उनके आका उत्तर प्रदेश को लूटते थे। इसके बदले उन पत्थरबाजों को पाल-पोसकर पर्व और त्यौहारों में विघ्न डाले जाते थे। आज जितने माफिया-गुंडे उत्तर प्रदेश के थे, वे या तो उत्तर प्रदेश छोड़ चुके हैं या फिर जहन्नुम की यात्रा पर जा चुके हैं।
माफिया का उपचार भाजपा है
सीएम योगी ने सभा करते हुए कहा कि कोडरमा क्षेत्र वासियों का उत्साह एवं समर्थन बता रहा है कि यहां हर बूथ पर समृद्धि और विकास का कमल खिलने जा रहा है। विकास, सुरक्षा, सुव्यवस्था और सुशासन के लिए डबल इंजन की भाजपा सरकार आवश्यक है। माफिया का उपचार भाजपा है। अपार आशीर्वाद के लिए कोडरमा क्षेत्र वासियों का हार्दिक आभार!