छत्तीसगढ़ का जशपुर जिला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का गृहजिला है। ऐसे में मुख्यमंत्री का पूरा ध्यान क्षेत्र पर ही रहता है। यही वजह है कि ग्राम बगिया में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय खोला गया है। दूर-दूर से लोग यहां बहुत उम्मीद के साथ अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। यहां पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं को न केवल गंभीरतापूर्वक सुना जा रहा है, बल्कि उनका यथोचित समाधान भी किया जा रहा है।
पोते की मीठी जुबान सुन पा रहा महिंदर
कांसाबेल विकासखंड के ग्राम दोकड़ा निवासी 60 वर्षीय महिन्दर कश्यप विगत कई वर्षों से कान से न सुनने की समस्या से पीडि़त थे। उन्हें अपने दैनिक जीवन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में उनकी समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। अपनी खुशी जाहिर करते हुए महिंदर बताते हैं कि उन्हें अब सुनने में कोई परेशानी नहीं होती है। सबसे बड़ी खुशी की बात यह है कि उनका साढ़े 3 साल का पोता है। अब उनकी मीठी जुबान को भी वह आसानी से सुन सकता है और उनसे ढेर सारी बातें कर सकता है।
बहुत से अस्पतालों में गई लेकिन समाधान नहीं हो पाया
श्रवणबाधित की समस्या से परेशान ग्राम मृखोल पंचायत सुंडरू जामबहार तहसील फरसाबार निवासी मंदाकिनी यादव भी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में श्रवण यंत्र मिलने से काफी खुश हैं। उनकी ना सुनने की समस्या के इलाज के लिए बहुत से अस्पतालों में गई, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। वह काफी निराश हो गई थी। उन्हें पता चला कि कैंप कार्यालय से उनकी समस्या का समाधान हो सकता है तो उन्होंने आवेदन किया। कैंप कार्यालय में उनकी समस्या को संज्ञान लेते हुए श्रवण यंत्र दिया है। श्रवण यंत्र मिलने से वह काफी खुश है। वे बताती हैं कि अब उन्हें सुनने में कोई परेशानी नहीं है। इसके लिए मंदाकिनी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया है।