हरियाणा में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का शव सूटकेस में मिलने पर राजनीति गर्म हो गई है। वहीं हिमानी नरवाल के भाई जतिन ने बताया कि जब तक अपराधी पकड़े नहीं जाते हम बॉडी नहीं लेंगे। आज हरियाणा में चुनाव है, आज तो प्रशासन अलर्ट पर होता है फिर भी कोई पकड़ा नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस बैग में बॉडी मिली वो हमारे घर का ही है। प्रशासन साथ नहीं दे रहा है, अगर प्रशासन साथ दे रहा होता तो अब तक अपराधी पकड़े जा चुके होते। उन्होंने कहा कि अभी तक कांग्रेस से कोई हमसे मिलने नहीं आया है। मेरे पिता की मृत्यु हो गई, भाई की हत्या हो गई और अब मेरी बहन की हत्या हो गई। अब बस मैं और मेरी मां बचे हैं।
विज ने कांग्रेस पर मढ़ा दोष
हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा कि उनकी मां के आरोप गंभीर हैं। कांग्रेस के लोग पहले भी ऐसा करते आए हैं। जल्दी तरक्की करने के लिए दूसरों को पीछे ढकेलना कांग्रेस की पुरानी आदत है। उन्होंने कहा कि पुलिस गहराई से इसकी जांच कर रही है। जो भी सच्चाई निकलेगी उसको अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार को घेरा
- कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि एक बार फिर हरियाणा की कानून व्यवस्था की चौपट स्थिति को दर्शाता हुआ ये मामला देशवासियों के सामने है। हमारी मांग है कि सरकार तुरंत कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे। एसआईटी से उचित जांच की जाए। जो भी इसमें अपराधी हो, उनको कठोर से कठोर दंड दिया जाए। जब तक न्याय नहीं मिलेगा हम भी लड़ाई लड़ेंगे। इसमें कोई भी दोषी हो, उसकी कोई भी पृष्ठभूमि हो बख्शा नहीं जाना चाहिए।
- कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि हमारे तमाम नेताओं ने सरकार से मांग की है कि इसकी तुरंत और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए जिससे सच सामने आ सके। जिस तरह से हमारे कांग्रेस कार्यकर्ता की निर्मम हत्या हुई, वह बहुत ही भयावह घटना है। हम उम्मीद करते हैं कि सरकार तुरंत कार्रवाई करेगी।
- कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि ये बहुत ही दुखद घटना है। इस प्रकार से एक बेटी की हत्या हुई, वह बहुत चिंता का विषय है। हमारा समाज और प्रदेश आखिर कहां जा रहा है। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। हिमानी नरवाल हमारी पार्टी की बहुत सक्रिय कार्यकर्ता थीं। कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए।