देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में मौसम शुष्क और गर्म है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दोपहर के समय लू की स्थिति है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी चल सकती है। हालांकि राज्य में गर्मी का असर बना रहेगा। राजस्थान के पश्चिमी जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पूर्वी राजस्थान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
मप्र, छग और विदर्भ में गर्मी का असर
मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर समेत कई बड़े शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। कुछ इलाकों में लू चलने की भी संभावना है। विंध्य क्षेत्र में तापमान 42 डिग्री के आसपास है। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ में भी भीषण गर्मी और हीटवेव का अलर्ट है।
अन्य राज्यों के हाल
बिहार में भीषण गर्मी जारी है और अगले कुछ दिनों में लू चलने की आशंका है। झारखंड में कई जगहों पर आंधी-बारिश का पूर्वानुमान है। ओडिशा में भी गर्मी का असर बना रहेगा। तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गर्म और आद्र्र मौसम रहने की संभावना है। कर्नाटक और केरल में भी गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। असम, मेघालय और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने दी यह सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। दिन के समय सीधी धूप के संपर्क में आने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह है। जिन राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया गया है, वहां विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। किसानों को भी अपनी फसलों का ध्यान रखने और आवश्यकतानुसार सिंचाई करने की सलाह दी गई है।