हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने हिमाचल प्रदेश में नालागढ़ विधानसभा उपचुनाव के प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव दर्शन सिंह के साथ हिमाचल प्रदेश के ओबीसी मोर्चा प्रदेश महामंत्री रामेश्वर प्रजापति के निवास स्थान पर पहुंच परिवार से भेंट की। वहां उपस्थित लोगों से उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के.एल ठाकुर को भारी मतों से विजयी बनाने व नालागढ़ में कमल खिलाने का आग्रह किया।
संत कुटीर में लोगों से मिले
सीएम नायब सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि 24 घंटे अपने परिवारजनों की सेवा में उपलब्ध हूं। अपने आवास संत कबीर कुटीर पहुंचे परिवारजनों का हाल-चाल जाना और उनके द्वारा बताए गए विषयों के निवारण हेतु अधिकारियों को मौके पर ही जरूरी दिशा निर्देश दिए। वे हर रोज प्रदेश से आए लोगों से मिलते हैं और उनके दुख-दर्द जानते हैं।
9 जुलाई को समाधान शिविरों की समीक्षा करेंगे
मुख्य सचिव टी.वी.एस.एन. प्रसाद ने राज्य के सभी उपायुक्तों और अतिरिक्त उपायुक्तों को, समाधान शिविरों के दौरान सामने आई परिवार पहचान पत्र से संबंधित सभी शिकायतों का 8 जुलाई तक समाधान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह 9 जुलाई को व्यक्तिगत रूप से समाधान शिविरों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। वे वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान डी.सी. और ए.डी.सी. के साथ समाधान शिविरों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।