देश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी से मौसम खुशनुमा बना हुआ था, लेकिन दिल्ली-एनसीआर के साथ ही देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले तीन से चार दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की भविष्यवाणी की है। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत के कई स्थानों पर अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
मौसम विभाग का यह है पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार से पांच दिनों के दौरान मध्य भारत और आंतरिक महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। गुजरात में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि का अनुमान व्यक्त किया है। इसके बाद लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान भी लगाया है। 25 मार्च तक गुजरात के तटीय क्षेत्रों में अलग-अलग इलाकों में गर्म और आद्र्र मौसम की स्थिति को भी रेखांकित किया है।
आईएमडी ने की पुष्टि, सबसे गर्म साल था 2024
आईएमडी ने पुष्टि की है कि 2024 रिकॉर्ड पर सबसे गर्म वर्ष था। महासागरों का गर्म होना और समुद्र का जलस्तर बढऩा तेज हो रहा है। ग्लेशियरों के पीछे हटने और बर्फ पिघलने से दीर्घकालिक परिवर्तनों का खतरा भी है। तेजी से बढ़ते उष्णकटिबंधीय चक्रवात, विनाशकारी वर्षा, तूफान, बाढ़, घातक सूखा और जंगल की आग जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं। 2025 में गर्मी उफान पर रह सकती है। ऐसे में अप्रैल-मई में प्रचंड गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ सकता है। यानि एक हफ्ते में गर्मी का अच्छा-खासा असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ भी आएंगे जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं।