महाराष्ट्र में औरंगजेब को लेकर राजनीति गर्म है। कब्र को लेकर जारी सियासत के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तुलना औरंगजेब से कर दी है। सपकाल ने कहा कि फडणवीस क्रूर और धर्म आधारित राजनीति करते हैं। उनके इस बयान पर बीजेपी ने नाराजगी जताई है। बीजेपी ने इसे निचले स्तर की राजनीति बताते हुए कांग्रेस को अपनी जगह दिखाने की बात कह दी है।
यह बोले सपकाल
सपकाल ने चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा कि औरंगजेब एक क्रूर शासक था। उसने अपने पिता को जेल में डाल दिया था, खुद के बड़े भाई की हत्या कर दी और उसका सिर काटकर पूरे दिल्ली में घुमाया। उसने खुद के छोटे भाई को पागल करार दे दिया था और उसे मार डाला। वह समय-समय पर धर्म का इस्तेमाल करता था, लेकिन कभी हज के लिए भी नहीं गया। औरंगजेब धर्म का इस्तेमाल सिर्फ़ अपने स्वार्थ के लिए करता था। सपकाल ने आगे कहा कि आज के समय में देवेंद्र फडणवीस भी उतने ही क्रूर हैं। वह हमेशा धर्म का सहारा लेते हैं। जिस तरह औरंगजेब के समय में अत्याचार होते थे, उसी तरह आज महाराष्ट्र में भी हो रहे हैं।
सपकाल का बयान बेहद बचकाना : बीजेपी
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सपकाल का बयान बेहद बचकाना, बेजवाबदार और महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति को कलंकित कर देने वाला है। उन्होंने कहा कि औरंगजेब एक क्रूर, अत्याचारी शासक था, जिसने हिंदू धर्म और हिंदुस्तान की अस्मिता पर चोट पहुंचाई। ऐसे शासक की तुलना महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जैसे लोकतांत्रिक और सक्षम नेता से करना सूरज पर थूकने की कोशिश करने जैसा है। औरंगजेब ने धर्म के नाम पर हिंदुओं का शिकार किया, मंदिर तोड़े और टैक्स लगाए। फडणवीस ने कानून की चौखट में रहकर प्रदेश को चलाया और उनके कार्यकाल में हिंदू धर्म को अभिमान से खड़े होने का मौका मिला है।