More
    HomeHindi NewsChhattisgarh Newsछत्तीसगढ़ में दूसरी बार मनी दीवाली.. स्थापना दिवस पर जले 11 हजार...

    छत्तीसगढ़ में दूसरी बार मनी दीवाली.. स्थापना दिवस पर जले 11 हजार दीप

    छत्तीसगढ़ में लगातार दो दिन तक दीवाली मनाई गई। एक तो 31 अक्टूबर को दीपावली थी, जिस पर पूरा छत्तीसगढ़ रोशनी से जगमग हो उठा। वहीं दूसरे दिन राज्य की 24वीं वर्षगांठ और दीपावली पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नया रायपुर के एकात्म पथ पर आयोजित 11,000 दीपों के प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। दीपों की रोशनी से नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ, जो राज्य के गौरव को बढ़ाएगा।

    एकात्म पथ पर जगमगाए 11 हजार दीप

    छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर एकात्मपथ में 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। नया रायपुर के कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलन के साथ शानदार आतिशबाजी और रंग-बिरंगी लाइटों ने सभी को रोमांचित कर दिया। मधुर संगीत की धुनों ने माहौल को और भी मनोरम बना दिया। आकर्षक रंगोली सजाई गई और स्थापना दिवस के प्रतीक चिन्हों के साथ सेल्फी पॉइंट पर लोगों ने सेल्फी लेकर खुशी जताई। सीएम साय ने नवा रायपुर में नवनिर्मित सीबीडी रेलवे स्टेशन के पास आयोजित कार्यक्रम में और एकात्मपथ पर श्रमिकों और सफाईकर्मियों को दीपावली के उपलक्ष्य में मिठाईयां वितरित कर शुभकामनाएं दीं।

    वाजपेयी सरकार ने किया था राज्य का गठन

    छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना 1 नवंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेई के नेतृत्व में हुई थी। तब मध्य प्रदेश से अलग करके छत्तीसगढ़ अलग राज्य बनाया गया था जो राज्य पुनर्गठन भारत के राजनीतिक और प्रशासनिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। छत्तीसगढ़ की स्थापना के पीछे का मुख्य उद्देश्य इस क्षेत्र में विकास की गति को तेज करने के साथ यहां की विशिष्ट सांस्कृतिक और भाषाई पहचान को मान्यता देना और लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधा प्रदान करना था। आज छत्तीसगढ़ समृद्ध संस्कृति और विविधता के साथ देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह दिन राज्य के लोगों के लिए गर्व और उत्सव का अवसर है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहेब, इंद्र कुमार साहू, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद और बसव राजू एस. सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments