प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 117वें एपिसोड में प्रयागराज महाकुंभ 2025 पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल नेविगेशन की मदद से आप महाकुंभ 2025 में विभिन्न घाटों, मंदिरों और साधुओं के अखाड़ों तक पहुंच सकेंगे। यही नेविगेशन सिस्टम आपको पार्किंग स्थलों तक पहुंचने में भी पूरी मदद करेगा। पूरे मेला क्षेत्र को एआई संचालित कैमरों से लैस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के दौरान अगर कोई अपने परिजनों से बिछड़ जाता है तो ये कैमरे उसे ढूंढने में मदद करेंगे। श्रद्धालुओं को डिजिटल खोया-पाया केंद्र की सुविधा भी मिलेगी।
संविधान हमारा मार्गदर्शक है
मोदी ने कहा कि 26 जनवरी 2025 को हमारा संविधान 75 साल पूरे कर रहा है। संविधान हमारा मार्गदर्शक है। इस वर्ष, 26 नवंबर को संविधान दिवस पर भारत अपने संविधान को अपनाने के 75 वर्ष मनाएगा। इस मील के पत्थर का सम्मान करने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान नागरिकों को संविधान की प्रस्तावना पढऩे और अपने वीडियो साझा करने के लिए आमंत्रित करता है, जिससे सामूहिक गौरव और एकता की भावना को बढ़ावा मिलता है। देश के नागरिकों को संविधान की विरासत से जोडऩे के लिए एक विशेष वेबसाइट ttp://Constitution75.com बनाई गई है। आप संविधान को असंख्य भाषाओं में पढ़ सकते हैं और संविधान से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं।
भारतीय दूतावास में एरिका हूबर फ्री आयुर्वेद कंसल्टेशन
पीएम मोदी ने कहा कि दक्षिण अमेरिका का एक देश है पराग्वे। वहां रहने वाले भारतीयों की संख्या 1 हजार से ज्यादा नहीं होगी। पराग्वे में एक अद्भुत प्रयास हो रहा है और वहां भारतीय दूतावास में एरिका हूबर फ्री आयुर्वेद कंसल्टेशन देती हैं। आयुर्वेद की सलाह लेने के लिए भी आज उनके पास स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। एरिका हूबर ने भले ही इंजीनियरिंग की पढ़ाई की हो लेकिन उनका मन तो आयुर्वेद में ही बसता है और उन्होंने आयुर्वेद से जुड़े कोर्सेज किए थे और समय के साथ वे इसमें पारंगत होती चली गईं।


