महाराष्ट्र में संशय के बादल छंट गए हैं। यह साफ हो गया है कि देवेंद्र फडणवीस ही महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री होंगे। यह लगातार तीसरी बार है जब देवेंद्र फडणवीस भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए हैं। वे 2014 में मुख्यमंत्री बने थे और पूरे 5 साल सरकार चलाई थी। इसके बाद 2019 में शिवसेना के गठबंधन खत्म करने पर उन्होंने एनसीपी नेता अजित पवार के साथ मिलकर सुबह-सुबह शपथ ले ली। हालांकि उन्हें 3 दिन में ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। ढाई साल बाद वे शिंदे सरकार में उपमुख्यमंत्री बने। अब 2024 में उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इस तरह लगातार तीसरी बार विधायक दल का नेता चुने और तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर वे हैट्रिक जमाने वाले हैं।
3 बजे राज्यपाल से मिलेंगे
भाजपा नेता गिरीश महाजन ने कहा कि आज विधायक दल के नेता के रूप में सर्वसम्मति से देवेंद्र फडणवीस का नाम चुना गया है। अब 3 बजे हम राज्यपाल के पास जाएंगे, जिसमें एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार और महायुति के बड़े नेता शामिल होंगे। हम मुख्यमंत्री पद के लिए दावा पेश करेंगे। मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार ने कहा कि महायुति को अभूतपूर्व, अद्वितीय नतीजे मिले। आज भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में देवेंद्र फडणवीस को चुना गया है। अब आगे हम सत्ता स्थापन का दावा करेंगे, हमारे लिए तो आज ही दिवाली है।
महाराष्ट्र में दिवाली जैसा माहौल
भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस भाजपा के विधायक दल के नेता चुने गए हैं और वे मुख्यमंत्री भी बनने जा रहे हैं। यह उनकी हैट्रिक है, हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि महाराष्ट्र विधायक दल ने विधायक दल के नेता के तौर पर देवेंद्र फडणवीस का नाम चुना है। देवेंद्र फडणवीस के नाम के चयन से महाराष्ट्र में दिवाली जैसा माहौल है। जैसे 2014 से 2019 तक महाराष्ट्र में विकास कार्य हुए, वैसे ही अब भी होंगे।