अक्टूबर के महीने में भी अभी तक ठंड का असर देखने को नहीं मिला है। कई राज्यों में बारिश और बादल छाए रहने के कारण ठंड नहीं पड़ रही है। अब एक और साइक्लोन तैयार हो रहा है, जिसके कारण कुछ राज्यों में भारी बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। चक्रवाती तूफान के कारण 25 अक्टूबर तक ओडिशा तट के समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। इस चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे तटीय राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 23 अक्टूबर को ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की संभावना है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है।
आईएमडी का ये है अनुमान
19 अक्टूबर को मध्य अंडमान सागर पर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती क्षेत्र 20 अक्टूबर 2024 को सुबह 8.30 बजे (भारतीय समयानुसार) उत्तरी अंडमान सागर पर था। अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। निम्न दबाव क्षेत्र के पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढऩे और 22 अक्टूबर की सुबह तक दबाव में तब्दील होने और फिर 23 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य में चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। 24 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों से दूर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ जाएगा। 23 अक्टूबर की सुबह बंगाल की खाड़ी में हवा की गति 65-75 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जाएगी। जब चक्रवाती तूफान 24 अक्टूबर को ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों से दूर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में पहुंचेगा तो हवा की गति 100 से 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ओडिशा के तटीय इलाकों में 23 अक्टूबर से बारिश होने की संभावना है। 24 और 25 अक्टूबर को ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है।
ओडिशा ने कहा-हम हैं तैयार
ओडिशा सरकार में राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि हम हमेशा तैयार हैं। चाहे कोई भी प्राकृतिक आपदा हो, ओडिशा का आपदा प्रबंधन विभाग हमेशा तैयार रहता है। हमने पूरी तैयारी की है और जिला प्रशासन हर जगह तैयार है। तटीय जिलों में जिला प्रशासन बचाव, राहत कार्यों और लोगों की मदद के लिए के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री खुद इसकी समीक्षा कर रहे हैं। घबराने की कोई बात नहीं है। हम पूरी तरह तैयार हैं।