More
    HomeHindi NewsCyclone Dana : निपटने के लिए ओडिशा तैयार.. स्कूल रहेंगे बंद, ये...

    Cyclone Dana : निपटने के लिए ओडिशा तैयार.. स्कूल रहेंगे बंद, ये भी किए इंतजाम

    बंगाल की खाड़ी के ऊपर आने वाले चक्रवाती तूफान दाना से निपटने के लिए ओडिशा पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है। शासन-प्रशासन ने इससे बचाव के इंतजाम कर लिए हैं तो अन्य राज्य भी तैयार हैं। चक्रवाती तूफान के मद्देनजर गंजाम, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, क्योंझर, ढेंकनाल, जाजपुर, अंगुल, खुर्दा, नयागढ़ और कटक जिलों में 23-25 अक्टूबर तक स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। इस चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे तटीय राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

    सीएम बोले घबराने की जरूरत नहीं

    ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने चक्रवात दाना से निपटने के लिए राज्य की तैयारियों पर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई जनहानि न हो। घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। हमारी सरकार स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने के बाद 100 प्रतिशत निकासी की जाएगी। एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और अग्निशमन सेवा की टीमों को तैयार रखा गया है। हमारी सरकार स्थिति पर बारीकी से नजऱ रख रही है। सीएम ने कहा कि चक्रवात आश्रयों को सभी बुनियादी ज़रूरतों और आवश्यक वस्तुओं से लैस किया जाएगा। बिजली-पानी की आपूर्ति और टेलीफोन और सडक़ संचार की जल्द बहाली के लिए भी चर्चा की गई। अस्पतालों को निर्बाध बिजली सुनिश्चित कर दी जाएगी। इसके अलावा संबंधित विभाग पहले से ही आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी या अधिक कीमत वसूलने से रोकने के लिए कड़ी निगरानी रख रहे हैं।

    दाना के असर का यह है अनुमान

    • मध्य अंडमान सागर पर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती क्षेत्र 20 अक्टूबर 2024 को सुबह 8.30 बजे उत्तरी अंडमान सागर पर था।
    • 24 घंटों के दौरान पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
    • निम्न दबाव क्षेत्र के पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढऩे और 22 अक्टूबर की सुबह तक दबाव में तब्दील होने और फिर 23 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य में चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।
    • 23 अक्टूबर की सुबह बंगाल की खाड़ी में हवा की गति 65-75 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जाएगी।
    • 24 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों से दूर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ जाएगा।
    • चक्रवाती तूफान 24 अक्टूबर को ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों से दूर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में पहुंचेगा तो हवा की गति 100 से 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
    • ओडिशा के तटीय इलाकों में 23 अक्टूबर से बारिश होने की संभावना है। 24 और 25 अक्टूबर को ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है।
    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments