जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में मतदान खत्म हो जाने के साथ ही कई टीवी चैनलों और मीडिया समूह के एग्जिट पोल जारी हो गए हैं। अगर एग्जिट पोल की मानें तो हरियाणा में कांग्रेस की शानदार वापसी हुई है। वहीं जम्मू-कश्मीर में एनसी और कांग्रेस का गठबंधन सरकार बनाता नजर आ रहा है। हरियाणा की कुल 90 सीटों में से बहुमत का आंकड़ा 46 है। एग्जिट पोल की मानें तो कांग्रेस को 45 से लेकर 63 सीटें मिल सकती हैं। वहीं भाजपा यहां 20 से 37 सीटों पर अटक सकती है। अगर एग्जिट पोल सही साबित हुए तो भाजपा का हैट्रिक का सपना पूरा नहीं हो पाएगा, जबकि कांग्रेस की 10 साल बाद वापसी हो जाएगी।
नहीं चला अनुच्छेद 370 का दांव
जम्मू-कश्मीर में भाजपा ने अनुच्छेद 370 हटाने को बड़ा मुद्दा बनाया। पूरा प्रचार इसी के इर्द-गिर्द रहा। एग्जिट पोल में भाजपा का यह दांव चलता नहीं दिख रहा है और जनता ने नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस के गठबंधन को बंपर वोट दिए हैं। एग्जिट पोल की मानें तो जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-एनसी को 34 से 50 और भाजपा को 23 से 34 सीटें मिलती दिख रही हैं।
2019 और 2024 में गलत साबित हुए थे एग्जिट पोल
हरियाणा में 2019 के विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल गलत साबित हुए थे। 8 चैनलों के एग्जिट पोल में भाजपा को 38 से 77 सीटें मिलने का दावा किया गया था, जबकि उसे 40 सीटें ही मिल पाईं। कांग्रेस को 31 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा था। इसी तरह 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 350 से 400 सीटें मिलने का दावा किया गया था, लेकिन जब रिजल्ट आए तो भाजपा 240 पर अटक गई।