देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर में जहां सर्द हवाएं ठंडक का एहसास करवा रही हैं, तो वहीं उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ दिनों में बिहार, बंगाल, सिक्किम, असम और पहाड़ी राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। 8 मार्च को दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंडी हवाओं का असर जारी रहेगा।
वीकेंड में बढ़ेगा धीरे-धीरे तापमान
दिल्ली-एनसीआर में मार्च की शुरुआत में सर्द हवाओं के साथ सुबह-शाम ठंडक बनी हुई है। दिन में सूरज की तपिश तेज हो गई है और गर्मी का अहसास होने लगा है। आईएमडी के अनुसार अगले कुछ दिनों तक दिल्ली का मौसम शुष्क रहेगा। हवा की गुणवत्ता (AQI) मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक वीकेंड के बाद धीरे-धीरे तापमान में वृद्धि होने लगेगी। चार दिन में राजधानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंच सकता है।
पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश
9 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। लद्दाख और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जा सकता है। बिहार, सिक्किम, असम और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में 8 मार्च को तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश हो सकती है। बिहार में कई जगहों पर तेज आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना है। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी 9 और 10 मार्च को भारी बारिश हो सकती है।
राजस्थान में दिखने लगा गर्मी का असर
राजस्थान में इस समय गर्मी का असर दिखने लगा है। आगामी सप्ताह में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। 24 घंटे में बाड़मेर में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। सबसे कम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश में अभी मौसम साफ रहेगा और अगले कुछ दिनों तक कोई बड़ी मौसमी गतिविधि नहीं होगी। 12 मार्च के बाद तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और तेज हो जाएगी।