Sunday, July 7, 2024
HomeHindi NewsDelhi Newsकेंद्रीय मंत्रियों ने संभाला कामकाज.. देश के विकास पर कही यह बात

केंद्रीय मंत्रियों ने संभाला कामकाज.. देश के विकास पर कही यह बात

मोदी के तीसरे कार्यकाल का आगाज हो चुका है। इसी के साथ सभी मंत्री अपना कामकाज संभालने के लिए मंत्रालय पहुंचने लगे हैं। आज भी कई मंत्रियों ने कामकाज संभाला और आने वाले समय में अपनी प्राथमिकताएं बताईं। गिरिराज सिंह ने कपड़ा मंत्री और पबित्रा मार्गेरिटा ने कपड़ा मंत्रालय में राज्य मंत्री का पदभार संभाला। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नए मंत्रिमंडल में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री का कार्यभार संभाला। एल. मुरुगन ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री और संजय सेठ ने रक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री का पदभार संभाला। अश्विनी वैष्णव ने सूचना एवं प्रसारण (आई एंड बी) मंत्री और रेल मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के राज्य मंत्री का पदभार संभाला। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बिजली मंत्री का पदभार संभाला। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में कार्यभार संभाला। वहीं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री का कार्यभार संभाला।

फूड प्रोसेसिंग एक बड़ी जिम्मेदारी : पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो जिम्मेदारी दी है उसे ईमानदारी से निभाने के संकल्प के साथ यहां आया हूं। फूड प्रोसेसिंग एक बड़ी जिम्मेदारी है, आने वाला समय फूड प्रोसेसिंग का ही है। मैं, मेरे पिता राम विलास पासवान से सीखते हुए उनकी सोच को आगे बढ़ाते हुए और प्रधानमंत्री के विकसित देश के संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से इस विभाग की एक अहम भूमिका देखता हूं।

रेलवे का कायाकल्प जारी रहेगा : अश्विनी

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार गरीबों को समर्पित है। कल पीएम ने पहले ही दिन गरीबों को समर्पित फैसले लिए हैं। किसानों को समर्पित फैसले लिए हैं। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री को एक बार फिर से जनता ने आशीर्वाद देकर सेवा का मौका दिया है जिसमें रेलवे का एक बड़ा रोल रहेगा। प्रधानमंत्री ने 10 वर्षों में रेलवे में बड़ा सुधार किया है। रेलवे हमारे देश की अर्थव्यवस्था की मज़बूत रीढ़ की हड्डी है। इसलिए रेलवे को केंद्र करके रखा गया है, एक भावनात्मक संबंध हैं, इसी विजन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी मुझे दी गई है।

यह मंत्रालय मेरे लिए नया : सुरेश गोपी

पर्यटन मंत्रालय के राज्य मंत्री का कार्यभार संभालने वाले केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने कहा कि यह मंत्रालय मेरे लिए नया है। मुझे इस मंत्रालय की उम्मीद नहीं थी, इसलिए यह एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझे निश्चित रूप से उन संभावनाओं पर गौर करना होगा, जिस पर प्रधानमंत्री मुझसे आशा कर रहे हैं। कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि टेक्सटाइल ऐसा सेक्टर है जहां सबसे ज्यादा नौकरी आती है। आज दुनिया में भी हमारा निर्यात का अच्छा शेयर है। टेक्सटाइल आने वालों दिनों में देश के आकांक्षाओं के अनुरूप आगे जाएगा।

कई महत्वपूर्ण काम आगे करेंगे: भूपेंद्र यादव

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मैं नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं कि मुझे फिर से इस मंत्रालय की जिम्मेदारी दी है। इस मंत्रालय द्वारा कई अहम कदम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लिए गए हैं और हम पर्यावरण व विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। देश में जो ग्रीन इकोनॉमी है उसे आगे बढ़ाने का काम हो रहा है, इसके साथ ही हम कई महत्वपूर्ण काम आगे करेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments