आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के ऐलान से दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने ही हाथ खींच लिए हैं। इस पर अब भाजपा ने मजे लेने शुरू कर दिए हैं। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल बहुत बड़े धोखेबाज हैं। जब वे फॉर्म भरवा रहे थे, तब उनके ही विभाग (दिल्ली सरकार का महिला एवं बाल विकास) ने स्पष्ट किया कि 2100 रुपये भत्ता देने की कोई योजना नहीं है। इस योजना के लिए फॉर्म भरवाने वाले निजी लोग हैं, जो अवैध रूप से डेटा इक_ा करने के लिए ऐसा कर रहे हैं।
दिल्ली की जनता को ठगने का काम कर रहे केजरीवाल
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि हम लगातार डिजिटल फ्रॉड की बात सुनते हैं। अब अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता को डिजिटल फ्रॉड की दिशा में लेकर जा रहे हैं। दिल्ली में आप की सरकार है पर उनकी ही सरकार जनता को चेतावनी जारी कर रही है कि 2100 रुपए की कोई योजना है ही नहीं। यही नहीं संजीवनी नाम की कोई योजना कैबिनेट के पास नहीं गई है। अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता को ठगने का काम कर रहे हैं।
सीएम आतिशी को भी कर लेंगे गिरफ्तार
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना से ये लोग बुरी तरह से बौखला गए हैं। अगले कुछ दिनों में फर्जी केस बनाकर सीएम आतिशी को गिरफ्तार करने का इन्होंने प्लान बनाया है। इसके पहले आप के सीनियर नेताओं पर रेड की जाएगी। केजरीवाल ने ऐलान किया कि आज 12 बजे इस पर प्रेस कांफ्रेंस करूँगा। वहीं आम आदमी पार्टी ने पोस्ट किया है कि महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना को जनता का जो जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है, उसे देखकर भाजपाई बुरी तरह से घबरा गए हैं। भाजपा वाले चाहे जितनी साजिश कर लें, जनता केजरीवाल, सीएम आतिशी के साथ खड़ी है। हम बाबा साहेब आंबेडकर और भगत सिंह जी के चेले हैं। हम न डरेंगे और न ही झुकेंगे।