दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी और आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंचे हैं। वहीं दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम आतिशी के घर पर है और उन्हें नोटिस देने पहुंची है। इस बीच भाजपा ने भी आप नेताओं पर करारे प्रहार किए हैं।
याद करो अपना बयान
दिल्ली के भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अपने बुने जाल में फंस गए हैं। वर्ना आप सोच के देखिए कि अरविंद केजरीवाल ने बयान दिया हो कि मेरे पास सबूत है। लेकिन जब क्राइम ब्रांच घर जाए तो वे अपना ही घर छोडक़र भाग जाएं। इससे पता चलता है कि अरविंद केजरीवाल जो कल तक लोगों को फंसाने के लिए घूमते थे खुद ही फंस गए।
जवाब तो देना पड़ेगा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि 5 समन अरविंद केजरीवाल को जा चुके हैं और संवैधानिक पद पर बैठे होने के बावजूद भी वे इससे बच रहे हैं। दिल्ली में जिस तरह से शराब नीति में भ्रष्टाचार किया गया है और अरविंद केजरीवाल का इस तरह भागना यह साबित करता है कि उनका इसमें बहुत बड़ा हाथ है लेकिन जांच एजेंसी अपना काम कर रही है, जवाब तो उन्हें देना पड़ेगा।