More
    HomeHindi NewsHaryanaअनिल विज-शैलजा को सीएम बनने की आस.. नायब सिंह और हुड्डा में...

    अनिल विज-शैलजा को सीएम बनने की आस.. नायब सिंह और हुड्डा में वार-पलटवार

    हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज वोटिंग हो रही है। इसी के साथ सबकी नजरें आज शाम को आने वाले एक्जिट पोल पर टिक गई हैं, लेकिन जिस तरह के नतीजे पिछले दिनों आए हैं, उससे एक्जिट और आपिनियन पोल के कयासों पर गंभीर प्रश्रचिन्ह लगे हैं। ऐसे में नेता भी 8 अक्टूबर की राह देखेंगे, जब सही नतीजे आएंगे। बहरहाल कांग्रेस और भाजपा में सीएम बनने की होड़ भी तेज हो गई है। अनिल विज ने फिर दावा ठोका तो शैलजा ने भी दब जुबान से गेंद आलाकमान के पाले में डाल दी। वहीं सीएम नायब सिंह और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी अपनी-अपनी सरकार बनाने का दावा किया है।

    कांग्रेस आ रही है, भाजपा जा रही है : हुड्डा

    हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सभी मतदान के अधिकार का इस्तेमाल करें। लोगों ने मन बना लिया है इस बार कांग्रेस की सरकार बनेगी। कांग्रेस आ रही है, भाजपा जा रही है।

    सपना देखने से कोई नहीं रोक सकता : नायब सिंह

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हवा भाजपा के पक्ष में है। हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बन रही है। कांग्रेस को सपना देखने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में भी सपना देखा लेकिन उन्हें अपने काम देखने चाहिए कि किस तरह वे विकास में बाधा बने। दलितों को जिस तरह उन्होंने अपमानित किया। प्रदेश की जनता उसे समझ रही है।

    अगली मुलाकात मुख्यमंत्री आवास पर होगी : विज

    अंबाला कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अनिल विज ने कहा कि सरकार भाजपा की बनेगी और मुख्यमंत्री वो बनेगा जिसे पार्टी चाहेगी। अगर पार्टी मुझे चाहेगी तो अगली मुलाकात आपसे मुख्यमंत्री आवास पर होगी। मैं सबसे वरिष्ठ नेता हूं।

    अंतिम फैसला आलाकमान का : शैलजा

    विधानसभा चुनाव को लेकर कुमारी शैलजा ने कहा कि हाई वोटिंग होगी और कांग्रेस के पक्ष में होगी। पूरे प्रदेश में माहौल कांग्रेस के पक्ष में है, लोग भाजपा के 10 साल के कुशासन से मुक्ति चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हम मेहनत और काम में विश्वास करते हैं, हम पार्टी के सच्चे सिपाही हैं और अपने काम को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। ये सब चीजें होती रहती हैं लेकिन (सीएम पद पर) अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करता है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments