हरियाणा में कांग्रेस को वापसी की उम्मीद है लेकिन गुटबाजी ने उसकी राह रोककर रखी है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनावी मैदान संभाले हुए हैं तो अभी तक कुमारी शैलजा ने प्रचार शुरू नहीं किया है। इस बीच कांग्रेस के तीसरे बड़े चेहरे कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अपनी महत्वाकांक्षा बता दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में हर कोई मुख्यमंत्री बनना चाहता है। शैलजा जी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा जी भी मुख्यमंत्री बनना चाहते होंगे। हम तीनों के अलावा यह किसी और का भी अधिकार हो सकता है। अंत में फैसला मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को करना है। वे जो भी फैसला लेंगे, वह हमें स्वीकार्य होगा।
..तो बिखर जाएगी कांग्रेस : मनोहर लाल
जिले के तरावड़ी में आयोजित प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस अब हार की ओर अग्रसर है। कांग्रेस जो भी दावे कर रही थी, वे सभी अब फेल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंदर से इतनी घबराई हुई है कि मुख्यमंत्री का चेहरा तक नहीं दे पा रही है। कांग्रेस को भय है कि मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया तो पार्टी ही बिखर जाएगी।
जिसकी केंद्र में सरकार, उसी की राज्य में जीत
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भ्रम पैदा करना या समाज को एक-दूसरे से लड़वाना ही कांग्रेस की फितरत है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव का रिकॉर्ड है कि हमेशा उसी दल की सरकार रही है, जिसकी केंद्र में सरकार होती है। लोकसभा चुनाव में भ्रम फैलाया गया लेकिन जनता ने भाजपा पर भरोसा करके तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाई। इसी तर्ज पर हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनेगी।