Sunday, July 7, 2024
HomeHindi Newsमप्र में सांची सोलर सिटी के बाद अन्य नगरों में भी बढ़ेगा...

मप्र में सांची सोलर सिटी के बाद अन्य नगरों में भी बढ़ेगा सौर ऊर्जा का इस्तेमाल

मप्र के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रविन्द्र सभागम भोपाल में पर्यावरण सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पृथ्वी को बचाने के उद्देश्य से पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां राज्य शासन की प्राथमिकता है। पर्यावरण की रक्षा से संबंधित विशेषज्ञों के प्राप्त सुझावों पर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। नगरीय और ग्रामीण निकायों द्वारा हरीतिमा के विकास के लिए स्थान सुरक्षित किए जाएंगे। सांची सोलर सिटी के बाद अन्य नगरों में भी सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जाएगा और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर अंकुश लगाया जाएगा। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए सोलर पैनल की स्थापना के लिए नागरिकों को पूरा सहयोग मिलेगा। प्रदेश में सांची सोलर सिटी की पहचान बनी है। इस कार्य का विस्तार अन्य नगरों एवं ग्रामों में होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की संस्कृति प्रकृति से जुड़ी है। हमारी जीवन शैली पेड़ पौधों और वनों के सम्मान का आव्हान करती है। हम वसुधा को परिवार मानते हैं। प्राचीन साहित्य की रचना भोज पत्रों पर हुई। आम के पत्तों से हम मंगल द्वार सजाते हैं। जिस देश को परमात्मा ने प्रकृति से जोड़ा है, वह देश विश्व को भी नया संदेश दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का यश विश्व में बढ़ रहा है। जहां दुनिया के कई देश ताकत के बल पर सत्ता के विस्तार में लगे हैं, वहीं भारत शांति का संदेश विश्व को दे रहा है। कोविड काल में अन्य राष्ट्रों को औषधियां बांटने और पर्यावरण क्षेत्र में सभी के सहयोग से अच्छे परिणाम लाने का संकल्प प्रधानमंत्री मोदी जी की नेतृत्व क्षमता का परिचायक है।
शिवराज हमारे आदर्श : मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में होने के बाद भी शिवराज पर्यावरण संरक्षण के महत्वपूर्ण अभियान से जुड़े हैं। वे हमारे आदर्श हैं। उनके द्वारा गत तीन वर्ष से प्रतिदिन पौधा लगाने का कार्य प्रेरक है। उन्होंने विभिन्न समाजों, बच्चों और बुजुर्गों सभी को पौधारोपण से जोड़ा है। प्रतिदिन एक पेड़ लगाने के कार्य से शिवराज जी ने अनेकों को जोड़ा ,यह हमारे लिए प्रेरणा की बात है।
शिवराज ने दिलवाया संकल्प, रोज एक पेड़ लगाएंगे
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज यहां नागरिकों ने वर्ष में कम से कम एक पेड़ लगाने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2070 तक नेट जीरो का लक्ष्य प्राप्त करने में सहयोग, घरों में सोलर पैनल की स्थापना, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और बेटा-बेटी से समान व्यवहार करने का संकल्प लिया है। प्रत्येक नगर और ग्राम में पर्यावरण के प्रति सजग नागरिकों की एक टीम तैयार कर सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों में सहयोग का संकल्प भी लिया है। चौहान ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश प्रगति पथ पर आगे बढ़ेगा। पर्यावरण में आए विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों का आभार भी व्यक्त किया।
विश्व के राष्ट्रों के लिए एक चेतावनी
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि आज ग्लेशियर पिघल रहे हैं। यह विश्व के राष्ट्रों के लिए एक चेतावनी है। इसलिए आवश्यक है कि अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाएं जिससे पर्याप्त प्राण वायु मिलती रहे। कार्यक्रम में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, सांसद रमाकांत भार्गव, पूर्व सांसद आलोक संजर, सुमित पचौरी एवं अन्य जनप्रतिनिधि, हार्ट-फुलनेस संस्था और अन्य सामाजिक संस्थाओं के सदस्य, पदाधिकारी और पर्यावरण प्रेमी, नागरिक उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments