पिछले साल की ही बात है जब सीमा हैदर पाकिस्तान से भारत आई थी और उसने अपने से कम उम्र के नोएडा के सचिन मीणा से शादी रचाई थी। इसके बाद एक लडक़ी अंजू पाकिस्तान चली गई और उसने पाकिस्तान के नसरुल्लाह से विवाह रचा लिया। अब एक और भारतीय लडक़ी पाकिस्तान पहुंच गई है। लेकिन उसकी किस्मत इतनी अच्छी नहीं रही और उसे पाकिस्तान की पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। भारतीय लडक़ी बिना वीजा अवैध तरीके से एलओसी पार करके पीओके पहुंची थी।
इमरान से मिलने पहुंची थी
पाकिस्तानी मीडिया की मानें तो इस भारतीय लडक़ी का नाम फातिमा है और यह जम्मू कश्मीर की रहने वाली है। फातिमा अपने प्रेमी से शादी करने के लिए अवैध तरीके पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के इलाके में घुस गई। पीओके की पुलिस को जब भारतीय लडक़ी के आने की जानकारी मिली तो उसने फातिमा को अरेस्ट कर लिया। फातिमा के प्रेमी का नाम इमरान है और उसे भी अरेस्ट कर लिया गया है। पीओके की कहूटा पुलिस ने जम्मू कश्मीर की लडक़ी फातिमा को अवैध तरीके से घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
इमरान ने बुलाया था
दरअसल इमरान ने उससे वादा किया था कि अगर वह पीओके में आ जाती है तो वह शादी कर लेगा। इसके बाद फातिमा ने यह जोखिम उठाया। इसकी सूचना जब पीओके की पुलिस को मिली तो उसने इमरान के केइर्ने गांव स्थित घर पर छापा मारा और फातिमा को गिरफ्तार कर लिया। पीओके की पुलिस ने एक एफआईआर भी दर्ज की है।
ऐसे मिले दिल से दिल
फातिमा ने बताया कि इमरान अपने भाई के साथ विदेश में काम करता है। दोनों फोन के जरिए संपर्क में आए थे। पुलिस ने इमरान को फातिमा के माता-पिता की मर्जी के बगैर शादी को उकसाने के आरोप में अरेस्ट कर लिया है। फातिमा ने बताया कि वह अपनी मर्जी से शादी करने के लिए पीओके आई है। इमरान उसे अपने घर ले गया। इमरान के परिवार ने मजिस्ट्रेट से गुहार लगाई है और कपल को रिहा करने का अनुरोध किया है।