दिल्ली विधानसभा चुनाव के रिजल्ट आ रहे हैं। रुझानों की मानें तो भाजपा दिल्ली में सरकार बनती नजर आ रही है। भाजपा लगातार 40 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है तो आम आदमी पार्टी 30 के आसपास सीटों पर सिमटती दिख रही है। इस तरह भाजपा की 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी हो रही है। इससे पहले भाजपा 1998 में सत्ता में थी। तब कांग्रेस ने उसे हराते हुए 15 साल तक शासन किया। पिछले 12 सालों से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है। अब भाजपा की दिल्ली में जबरदस्त लहर चलती दिख रही है। वहीं कांग्रेस की बात करें तो कांग्रेस हैट्रिक की ओर बढ़ रही है। यह लगातार तीसरे चुनाव होंगे, जब कांग्रेस शून्य पर सिमटती दिख रही है।
आप की राजनीति को बड़ा झटका
दिल्ली को आम आदमी पार्टी का गढ़ माना जाता था। लेकिन अब यह ढहता हुआ नजर आ रहा है। दिल्ली में आप हार की ओर बढ़ती दिख रही है। ऐसे में आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय पार्टी बनने की इच्छा को तगड़ा झटका लगता दिख रहा है। वहीं कांग्रेस भी हार की हैट्रिक से हताशा के भंवर में फंसती हुई नजर आ सकती है। बहरहाल भाजपा के लिए यह खुशी की क्षण है और भाजपा ने जश्न मनाना भी शुरू कर दिया है। यह मोदी की बड़ी जीत है तो हरियाणा, महाराष्ट्र के बाद तीसरी बड़ी जीत है।
कट्टर बेईमान अरविंद केजरीवाल की आंखें खोलने का काम किया
भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा, लोगों ने स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया है कि वे डबल इंजन सरकार चाहते हैं। लोगों ने कट्टर बेईमान अरविंद केजरीवाल की आंखें खोलने का काम किया है। EVM, पुलिस, चुनाव आयोग को दोष देने वाली इस नकारात्मक राजनीति का अंत होगा। भाजपा लोगों की सेवा के लिए तैयार है।