आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव लडऩे का फैसला कर लिया है। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि हरियाणा के लोगों को आम आदमी पार्टी से बहुत उम्मीद है। हमने दिल्ली और पंजाब में काम करके दिखाया है। दिल्ली के काम की चर्चा पूरी दुनिया में होती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के हाल को बदलने के लिए इस बार हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी को मौक़ा देगी और खट्टर-सैनी के इंजन को बदलेगी। आम आदमी पार्टी हरियाणा की सभी सीटों पर मज़बूती से चुनाव लड़ेगी।
गठबंधन पर निर्भर करेगा भविष्य
आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने आप को दिल्ली में 3 और हरियाणा की एक सीट पर चुनाव लडऩे के लिए समझौता किया था। हालांकि चारों सीटों पर आप की हार हुई थी, जबकि कांग्रेस ने 10 में से 5 सीटें जीतकर भाजपा को कड़ी टक्कर दी। अब देखना होगा कि विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों में गठबंधन होता है या नहीं। वैसे भी हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा मजबूत नेता बनकर उभरे हैं। ऐसे में वे नहीं चाहेंगे कि किसी और दल से समझौता हो। ऐसे में कांग्रेस आलाकमान पर भी निर्भर होगा कि वह गठबंधन करेगा या नहीं। वैसे भी इंडिया गठबंधन के दलों का समझौता लोकसभा चुनाव के लिए हुआ था। विधानसभा चुनाव में ये पार्टियां अलग-अलग लड़ती आ रही हैं। पंजाब में भी कांग्रेस और आप ने एक-दूसरे के विरुद्ध चुनाव लड़ा था।