राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को हरियाणा के अंबाला एयर फोर्स बेस से राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। इस ऐतिहासिक क्षण से पहले, उन्होंने जिस पायलट के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, उन्होंने पाकिस्तान के वर्षों पुराने झूठे दावे को पूरी तरह से धराशायी कर दिया। राष्ट्रपति मुर्मू ने स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जो इस दौरान मुस्कुराती हुई दिख रही थीं। माना जा रहा है कि शिवांगी सिंह ने ही राष्ट्रपति मुर्मू के साथ राफेल विमान उड़ाया। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी एक दूसरे विमान में उड़ान भरी।
पाकिस्तान के दावे को किया धराशायी
यह घटना पाकिस्तान को एक करारा जवाब है। पाकिस्तान ने जब भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया था, उस वक्त यह झूठा दावा किया था कि उन्होंने एक भारतीय महिला पायलट को पकड़ लिया है और उसका नाम शिवांगी सिंह बताया था। भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस घटना पर एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा: “दो शक्तिशाली महिलाएं। दुनिया के लिए एक संदेश – भारत की बेटियां उड़ान भर रही हैं। वही अधिकारी जिनके बारे में पाकिस्तानी मीडिया और प्रभावशाली लोगों ने झूठा दावा किया था कि उन्हें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पकड़ लिया गया था।”
राफेल उड़ाने वाली पहली महिला पायलट: शिवांगी सिंह
स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी के सेंट मेरीज स्कूल और सेंट जोजर्स कॉन्वेंट स्कूल से पढ़ाई की। सनबीम विमेंस कॉलेज से बीएससी की डिग्री ली और एनसीसी से जुड़ीं। उन्होंने जैकलिन थ्रो में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीता और गणतंत्र दिवस परेड 2013 में उत्तर प्रदेश एनसीसी दल का प्रतिनिधित्व किया। 2015 में भारतीय वायुसेना की परीक्षा उत्तीर्ण कर 2017 में देश की पहली पांच महिला फाइटर पायलटों की ऐतिहासिक टीम में शामिल हुईं। उन्होंने मिग-21 जैसे सुपरसोनिक फाइटर जेट पर उड़ान भरी और विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के साथ भी काम किया। साल 2020 में, वह राफेल लड़ाकू विमान के स्क्वाड्रन गोल्डन ऐरो का हिस्सा बनीं और राफेल उड़ाने वाली भारत की पहली महिला पायलट बनीं।
राष्ट्रपति मुर्मू की उड़ान
राष्ट्रपति मुर्मू ने राफेल में उड़ान भरने से पहले खास जी-सूट पहना, जो तेज जी-फोर्स से पायलट की रक्षा करता है। इस दौरान उन्होंने पायलट को दिए जाने वाला खास चश्मा भी पहना और हाथ में हेलमेट लिए दिखीं।


